देवा मेला ऑडिटोरियम में बच्चों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा, समूह गान और नृत्य में दिखाया हुनर
बाराबंकी : देवा मेला ऑडिटोरियम में बेसिक शिक्षा परिषद के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। समूह गान और एकल नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों ने लोक संस्कृति, नारी सशक्तीकरण और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की। कार्यक्रम में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बंकी की छात्राओं ने “कोमल है कमजोर नहीं, शक्ति का नाम ही नारी है” समूह गान प्रस्तुत कर नारी शक्ति का संदेश दिया। वहीं, उच्च प्राथमिक विद्यालय पनिहाल, हरख की छात्राओं ने लोकगीत “कोयल बिन बगिया न सोहे राजा, भाई-भतीज बिन नैहर न सोहे” के माध्यम से लोक संस्कृति को जीवंत किया। कंपोजिट विद्यालय सादुल्लापुर, सिद्धौर की छात्राओं ने “आलि आलि आलि” गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए। समूह गान में बंकी ने मारी बाजी समूह गान प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बंकी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय पनिहाल, हरख दूसरे और कंपोजिट विद्यालय सादुल्लापुर, सिद्धौर तीसरे स्थान पर रहा। एकल नृत्य में विशुनपुर प्रथम एकल नृत्य प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय विशुनपुर, फतेहपुर ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया।कंपोजिट विद्यालय सादुल्लापुर, सिद्धौर को द्वितीय तथा प्राथमिक विद्यालय माधवपुर, देवा को तृतीय पुरस्कार मिला।कार्यक्रम का संचालन जिला स्काउट मास्टर राजेंद्र त्रिपाठी ने किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को खंड शिक्षा अधिकारी, देवा अम्बिका प्रसाद ओझा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर एसआरजी अवधेश पाण्डेय, दिलीप तिवारी, मनोज चौधरी, विपिन कुमार, दिवाकर अवस्थी गांधी, सम्पन्न कुमार निगम, शिखा निगम सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया। साथ ही लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी रुचि को प्रोत्साहित किया।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.