इफको खाद केंद्र पर वितरण में धांधली का आरोप नैनो खाद लेने का दबाव
मसौली /बाराबंकी : गोंडा बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मंडी परिसर में संचालित इफको खाद बिक्री केंद्र पर खाद वितरण में अनियमितता के आरोप लग रहे हैं। खाद लेने पहुंच रहे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों का आरोप है कि उन्हें डीएपी के लिए लगातार तीन से चार दिनों तक लाइन में लगना पड़ रहा है। इसके बावजूद खाद नहीं मिल पा रही है। खाद की किल्लत से आलू सरसों सहित दलहनी और तिलहनी फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है।
धान की कटाई के बाद इन दिनों किसान रबी की फसलों की बुवाई में जुटे हैं। आलू और सरसों की बुवाई के लिए डीएपी की जरूरत है, लेकिन विकासखंड मसौली की करीब आधा दर्जन साधन सहकारी समितियों पर डीएपी उपलब्ध न होने से किसानों को इधर उधर भटकना पड़ रहा है। मजबूरन किसान खाद के लिए समितियों के चक्कर लगा रहे हैं। वहीं बाजार में महंगी खाद मिलने और उसकी गुणवत्ता को लेकर भी किसानों में चिंता है। मंडी परिसर स्थित इफको बिक्री केंद्र पर किसानों ने खाद वितरण में भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आम किसानों को घंटों और कई दिनों तक लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाद के लिए इंतजार करना पड़ता है जबकि कुछ लोगों को कथित तौर पर अंदर से ही खाद उपलब्ध करा दी जाती है। किसानों ने वितरण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
नैनो खाद लेने का बनाया जा रहा दबाव
किसानों का आरोप है कि डीएपी की दो बोरियां देने के साथ नैनो खाद भी खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। प्लहरी गांव से आई एक महिला किसान ने बताया कि वह कई दिनों से डीएपी के लिए परेशान हैं। समितियों पर खाद नहीं मिल रही है और बाजार में महंगी खाद खरीदने की मजबूरी है। बड़ी मुश्किल से तीन बोरी खाद की पर्ची कट पाई लेकिन खाद लेने से पहले नैनो खाद खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। क्षेत्र के किसान राजेश कुमार वर्मा,आशीष कुमार वर्मा, कल्लू यादव और अंगद गौतम ने बताया कि इस समय आलू और सरसों की बुवाई तेजी से हो रही है। इन फसलों के लिए डीएपी की आवश्यकता है लेकिन खाद नहीं मिलने से बुवाई में देरी हो रही है। किसानों ने बताया कि सुबह से शाम तक इंतजार करने के बाद भी कई बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं। इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला महामंत्री आशीष कुमार वर्मा और मेंथा किसान समिति के अध्यक्ष डॉ० राजेश कुमार वर्मा ने केंद्र प्रभारी से नियमानुसार सभी किसानों को खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से खाद वितरण व्यवस्था की जांच कराने पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने और किसी भी प्रकार की जबरन बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन और कृषि विभाग किसानों की समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और खाद की किल्लत दूर करने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.