कल्याणी नदी में जहरीली दवा डालने से हजारों मछलियों की मौत ग्रामीणों में रोष

मसौली - बाराबंकी क्षेत्र की प्रमुख कल्याणी नदी में कथित तौर पर जहरीली दवा डालने से हजारों मछलियों और अन्य जलीय जीवों की मौत हो गई। गुरुवार सुबह नदी में बड़ी संख्या में मृत मछलियां उतराती मिलने से हड़कंप मच गया। रामपुर से लेकर गोंडारी तक नदी के किनारों पर मरी हुई मछलियां दिखाई दीं। घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों लोग नदी किनारे जमा हो गए। बच्चों से लेकर बड़ों तक मृत मछलियों को पकड़ने की होड़ मच गई। कई लोग मछलियों को बोरियों में भरकर अपने साथ ले गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक इससे पहले भी कई बार नदी में जहरीली दवा डालकर मछलियों का शिकार किया जा चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं से वन्यजीव प्रेमियों में गहरा रोष है। उन्होंने उच्चाधिकारियों से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि बुनकर बाहुल्य कस्बा रामपुर में सूत की धुलाई के दौरान निकलने वाले कथित जहरीले रसायनों के कारण भी मछलियों की मौत हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार रामपुर में नदी के पानी से सूत की धुलाई प्रतिदिन की जाती है जबकि कुछ लोगों ने इस घटना के पीछे अराजक तत्वों का हाथ होने की आशंका जताई है। नदी में इतनी बड़ी संख्या में जलीय जीवों की मौत से पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से नदी के पानी की जांच कराकर दोषियों का पता लगाने और ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

रिपोर्टर - नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.