'वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ' अभियान में शामिल होने दिल्ली पहुंचे ललित कुमार
फतेहपुर - बाराबंकी लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा के संकल्प के साथ बाराबंकी के पूर्व NSUI छात्र नेता ललित कुमार ने दिल्ली में आयोजित ऐतिहासिक ‘दिल्ली चलो’ अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित इस राष्ट्रीय अभियान में देश के कोने-कोने से आए हजारों जागरूक नागरिकों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिरकत की।
बाराबंकी से दिल्ली पहुंचे ललित कुमार कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक निकले विशाल पैदल मार्च में शामिल हुए। इस दौरान ‘वोट बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’, ‘वोट चोरी बंद करो, ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने की मांग को प्रमुखता से उठाया।
यह पूरा अभियान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा उठाए गए लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दे के समर्थन में आयोजित किया गया था।
इस अवसर पर ललित कुमार ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत संसद या विधानसभाओं में नहीं, बल्कि जनता के एक-एक वोट में बसती है। उन्होंने कहा, “प्रत्येक वोट का सम्मान, उसकी स्वतंत्रता और निष्पक्ष चुनावी व्यवस्था सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक संस्थाओं की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। लोकतंत्र केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह देश के करोड़ों नागरिकों के अधिकारों, सम्मान, समानता और स्वतंत्र अभिव्यक्ति का आधार है।”
उन्होंने आगे कहा कि आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता के भरोसे को बनाए रखने की है। इसके लिए जरूरी है कि देश का हर जागरूक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और संविधान में लिखे मूल्यों की रक्षा के लिए आगे आए।
ललित कुमार ने कहा, “बाराबंकी से दिल्ली तक आने का मकसद सिर्फ एक प्रदर्शन में शामिल होना नहीं, बल्कि ये संदेश देना है कि लोकतंत्र की रक्षा किसी एक व्यक्ति या एक पार्टी की जिम्मेदारी नहीं है। ये देश के 140 करोड़ लोगों का संवैधानिक दायित्व है। जब तक जनता का वोट सुरक्षित है, तब तक लोकतंत्र सुरक्षित है।”
उन्होंने देश की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने कहा कि एक सशक्त, समावेशी और विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है जब जनता के अधिकार सुरक्षित रहें और लोकतंत्र की गरिमा सर्वोपरि रहे।
रिपोर्टर - नफीस अहमद

No Previous Comments found.