धान क्रय केंद्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, किसानों की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश

सिरौलीगौसपुर, बाराबंकी : उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज ने सोमवार को विपणन धान क्रय केंद्र बदोसराय एवं साधन सहकारी समिति बरदरी स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए केंद्र प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले एसडीएम ने विपणन धान क्रय केंद्र बदोसराय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने विपणन निरीक्षक सरिता शुक्ला से धान खरीद की प्रगति और व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। खराब मौसम के चलते सोमवार को केंद्र पर धान की तौल नहीं कराई गई।

इसके बाद एसडीएम साधन सहकारी समिति बरदरी स्थित धान क्रय केंद्र पहुंचे। यहां तैनात सचिव राजेंद्र से धान खरीद की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीद के लिए उपलब्ध बोरियों, सुतली, छलनी सहित अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता भी परखी।

एसडीएम ने सचिव को निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप धान खरीद सुनिश्चित की जाए। साथ ही केंद्र पर आने वाले किसानों के बैठने और अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को धान बिक्री के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.