महिला से देवर ने किया दुष्कर्म का प्रयास, एसपी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज
फतेहपुर-बाराबंकी : क्षेत्र के एक घर में मासूम बेटे के साथ सो रही महिला की अस्मत पर उसके ही देवर ने हमला करने का प्रयास किया। आरोप है कि नशे की हालत में कमरे में घुसे देवर ने महिला के साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। महिला ने किसी तरह आरोपी के चंगुल से खुद को बचाया और शोर मचाकर परिजनों को जगाया। घटना के बाद न्याय के लिए भटक रही पीड़िता को पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप के बाद राहत मिली। एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के एक गांव की निवासी महिला ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बीते 25 अक्टूबर की रात वह अपने ढाई वर्षीय बेटे के साथ कमरे में सो रही थी। इसी दौरान उसका देवर कथित तौर पर नशे की हालत में कमरे में पहुंच गया। आरोप है कि उसने महिला के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और विरोध के बावजूद दुष्कर्म करने का भरसक प्रयास किया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया और शोर मचा दिया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए।
पीड़िता का आरोप है कि घटना की जानकारी देने के बावजूद परिवार के लोगों ने उसका साथ देने के बजाय उसे ही डांट दिया। इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन आरोप है कि शुरुआती स्तर पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर महिला ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
इस संबंध में सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिक व आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.