फतेहपुर में मखदूम शेख हिसामुद्दीन चिश्ती के 15 दिवसीय सालाना उर्स व मेले की तैयारियां तेज
बाराबंकी : हजरत मखदूम शेख हिसामुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैहि की याद में फतेहपुर में लगने वाला ऐतिहासिक 15 दिवसीय सालाना उर्स व मेला अब ज्यादा दूर नहीं है। उर्स को लेकर फतेहपुर में तैयारियां जोरों पर हैं। मेला समिति, की ओर से मैदान से लेकर मजार तक साफ-सफाई, रंग-रोगन और सजावट का काम तेजी से कराया जा रहा है, ताकि दूर-दराज से आने वाले हजारों जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो।
बारिश से हुए जलभराव से मिली निजात, मैदान हो रहा दुरुस्त
गुजिश्ता दिनों हुई भारी बारिश के कारण फतेहपुर के मेला मैदान में जलभराव, कीचड़ और गंदगी की बड़ी समस्या खड़ी हो गई थी। मैदान में पानी भरा होने से दुकानदारों और जायरीनों को दिक्कत होने की आशंका थी। इसको देखते हुए युद्धस्तर पर काम शुरू किया गया। पहले पंप लगाकर मैदान से पानी निकाला गया, इसके बाद मैदान को दुरुस्त करने के लिए ट्रालियों से मिट्टी डाली जा रही है। जेसीबी मशीनों द्वारा पूरे मैदान को बराबर किया जा रहा है।
मेला समिति का कहना है कि इस बार मैदान को पहले से ज्यादा समतल और मजबूत बनाया जा रहा है, ताकि दुकानें लगाने में आसानी हो और बारिश होने पर भी पानी न रुके।
मजार पर हो रहा रंग-रोगन, चारों ओर साफ-सफाई
उर्स की सबसे बड़ी आस्था का केंद्र मजार शरीफ है। यहां रंग-रोगन का काम तेजी से चल रहा है। मजार परिसर को फूलों और रोशनी से सजाया जा रहा है। इसके साथ ही पूरे मेला परिसर, गलियों और सड़कों पर साफ-सफाई का काम जारी है। कहीं कूड़ा न रहे, टीम लगातार लगी हुई है।
मेला पंडाल में होंगे बड़े-बड़े प्रोग्राम
इस बार फतेहपुर उर्स मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी खास तैयारी है। मेला पंडाल में ऑल इंडिया मुशायरा, कव्वाली, म्यूजिक कॉन्फ्रेंस और टैलेंट हंट जैसे शानदार प्रोग्राम आयोजित किए जाएंगे।
मुशायरे में देश के नामी शायर शिरकत करेंगे, वहीं कव्वाली की महफिल में मशहूर कव्वाल अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। टैलेंट हंट के माध्यम से स्थानीय युवाओं को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। आयोजकों का कहना है कि इस बार के कार्यक्रम पिछले सालों से भी भव्य होंगे।
मौके पर मौजूद रहे जिम्मेदार लोग
तैयारियों का जायजा लेने के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य नसीम गुड्डू, टीनू जैन, सभासद खुर्शीद जमाल, मुनीर हैदर, व्यापार मंडल उपाध्यक्ष अबुजर अंसारी, पूर्व सभासद नसरे आलम, मोहम्मद इरफान मुंशी, हाफिज कलीम, कलीम खान, जावेद यूसुफ, मुख्तार अंसारी, मोहम्मद तौफीक समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।
सभी ने मिलकर तैयारियों की समीक्षा की और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। व्यापारियों और दुकानदारों ने भी तैयारियों पर संतोष जताया और कहा कि इस बार मेला और भी शानदार होगा।
जायरीनों के लिए होंगी सुविधाएं
मेला समिति के अनुसार जायरीनों के ठहरने, पीने के पानी, शौचालय और रोशनी की समुचित व्यवस्था की जा रही है। सुरक्षा को लेकर भी पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाया जा रहा है।
कुल मिलाकर फतेहपुर एक बार फिर कौमी एकता, मोहब्बत और भाईचारे का गवाह बनने को तैयार है, जहां हर मजहब के लोग एक साथ आकर अकीदत के फूल चढ़ाएंगे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.