औरेला समिति पर डीएपी खाद के लिए उमड़े ढाई सौ किसान, नेटवर्क ठप होने से वितरण बाधित
सिरौलीगौसपुर बाराबंकी : क्षेत्र की साधन सहकारी समिति औरेला पर मंगलवार को डीएपी खाद लेने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। करीब ढाई सौ किसान खाद लेने पहुंचे, लेकिन ई-पॉस मशीन में नेटवर्क की समस्या के चलते वितरण कार्य बाधित हो गया। समिति पर आई 400 बोरी डीएपी खाद के वितरण के लिए 120 किसानों को टोकन वितरित किए गए थे।किसानों की संख्या लगातार बढ़ने और भीड़ के चलते अफरा-तफरी की स्थिति बनने की आशंका पर सहायक विकास अधिकारी (कोऑपरेटिव) आशीष वर्मा ने दूरभाष से उपजिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर अनिल कुमार सरोज को स्थिति से अवगत कराया। इस पर एसडीएम ने नायब तहसीलदार दिनेश कुमार पाण्डेय और लेखपाल धीरज को मौके पर भेजकर किसानों को शांतिपूर्वक खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही एसडीएम ने थाना सफदरगंज के प्रभारी निरीक्षक से फोन पर वार्ता कर खाद वितरण के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।समिति के सचिव रेहान खां ने बताया कि समिति पर 400 बोरी डीएपी खाद उपलब्ध है और 120 किसानों को टोकन दिए जा चुके हैं। ई-पॉस मशीन में नेटवर्क की समस्या के कारण खाद वितरण नहीं हो पा रहा है। नेटवर्क दुरुस्त होते ही वितरण प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.