फतेहपुर सीएचसी में देर रात पहुंचे डिप्टी सीएमओ, मचा हड़कंप

बाराबंकी : फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब डिप्टी सीएमओ डॉ. कमाल अहमद और डॉ. संजय मिश्रा ने अचानक निरीक्षण कर दिया। अधिकारियों को अचानक अस्पताल में देखकर स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। दोनों अधिकारियों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और कर्मचारियों की कार्यशैली की बारीकी से जांच की।

प्रसव कक्ष से शुरू हुआ निरीक्षण

निरीक्षण की शुरुआत प्रसव कक्ष से हुई। अधिकारियों ने वहां प्रसव की व्यवस्थाएं देखीं, प्रसव से जुड़े रजिस्टर चेक किए और साफ-सफाई का जायजा लिया। उन्होंने अधीक्षक को निर्देश दिए कि प्रसव से जुड़ी हर जानकारी को सही और समय पर रजिस्टर में दर्ज किया जाए। प्रसव से जुड़ी जानकारी दर्ज करने की पूरी प्रक्रिया भी अधिकारियों ने मौके पर ही समझाई।

महिला वार्ड में भर्ती मरीजों से पूछा हाल

इसके बाद अधिकारियों ने महिला वार्ड का निरीक्षण किया। वहां भर्ती प्रसूताओं और मरीजों से अस्पताल की सुविधाओं, इलाज और स्वास्थ्यकर्मियों के व्यवहार के बारे में पूछा। मरीजों ने अपनी समस्याएं भी बताईं, जिन्हें अधिकारियों ने गंभीरता से सुना। इसके बाद इमरजेंसी वार्ड में पहुंचकर मरीजों को तुरंत इलाज देने की व्यवस्था को देखा।

एआरवी और एएसवी की उपलब्धता जांची

अधिकारियों ने दवाओं के स्टॉक की भी जांच की। इस दौरान एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) और एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) की उपलब्धता को विशेष रूप से देखा, क्योंकि इस मौसम में कुत्ते के काटने और सांप के काटने के मामले ज्यादा आते हैं। अधिकारियों ने कहा कि ये जीवन रक्षक दवाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए।

जेएसवाई वार्ड, साफ-सफाई और उपस्थिति पंजिका भी देखी

निरीक्षण के दौरान जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) वार्ड, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की भी जांच की गई। डिप्टी सीएमओ ने अस्पताल की व्यवस्थाएं ठीक रखने, मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड सही रखने और मिली कमियों को जल्द सुधारने को कहा।

निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनीश चौधरी, डॉ. देशराज, फार्मासिस्ट आलोक कुमार, वार्ड बॉय आकाश कुमार और स्टाफ नर्स सुरभि शुक्ला सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.