फतेहपुर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन घायल, एक का पैर कटा
फतेहपुर बाराबंकी : फतेहपुर थाना क्षेत्र के खेरिया गांव के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए। कर्मवीर चौहान का पैर कटकर अलग हो गया।
पुलिस ने 108 एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर पहुंचाया। सीएचसी में चिकित्सक देशराज ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
सीतापुर जिले के थानगांव थाना क्षेत्र के चकदहा निवासी कर्मवीर चौहान (30), पुत्र सूर्यभान, मोटरसाइकिल से बाराबंकी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बेलहरा की ओर से फतेहपुर जा रहे मुमताज (35), पुत्र शाबान, और मजहरूल (50), पुत्र तसद्दुर, की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दोनों टांडा, थाना मोहम्मदपुर खाला के निवासी हैं।
टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। कर्मवीर और मुमताज की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। मामूली चोटें आने पर मजहरूल को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
उपनिरीक्षक फिरोज खान ने बताया कि कर्मवीर के परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी देने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.