मखदूम शेख हिसामुद्दीन चिश्ती (रह.) के 593वें उर्स व मेले का भव्य आगाज, एकता और भाईचारे का दिया संदेश*
फतेहपुर - बाराबंकी बीती शाम हजरत मखदूम शेख हिसामुद्दीन चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह का 593वां सालाना उर्स व मेला बड़ी धूमधाम और अकीदत के साथ शुरू हो गया। 15 दिवसीय चलने वाले इस ऐतिहासिक मेले का उद्घाटन पूर्व चेयरमैन व मेला अध्यक्ष मोहम्मद मशकूर और महंत हेमंत दास ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
फीता कटते ही पूरा मेला परिसर तालियों और नारों से गूंज उठा। उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में हिंदू-मुस्लिम भाईचारे के लोग मौजूद रहे। लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। जगह-जगह दुकानें सज गई हैं, झूले, खेल-तमाशे और खाने-पीने के स्टॉलों पर भीड़ उमड़ने लगी है।
“ये एकता का मेला है” – मशकूर
इस मौके पर मेला अध्यक्ष मोहम्मद मशकूर ने मौजूद लोगों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि आप सबने अपना कीमती वक्त निकालकर यहां आकर ये एहसास दिलाया है कि हम सब एक हैं और एक रहेंगे। उन्होंने कहा कि ये मेला सिर्फ मेला नहीं है, ये एकता का मेला है। ये शुरू से लगता आ रहा है। इंशाअल्लाह जब तक हम सब हैं और सबका साथ मिलता रहा, ऐसे ही ये मेला लगता रहेगा। हमारी गंगा-जमुनी तहजीब ही हमारी असली पहचान है। महंत हेमंत दास ने भी इस मौके पर सभी को बधाई दी और कहा कि ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे को और मजबूत करते हैं। यहां हर धर्म के लोग एक साथ आते हैं, एक साथ खुशियां मनाते हैं, यही इस मेले की सबसे बड़ी खूबसूरती है।
15 दिन तक चलेंगे रंगारंग कार्यक्रम
मेला कमेटी की तरफ से इस बार कई बड़े कार्यक्रम रखे गए हैं, जिनको लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
19 नवंबर – टैलेंट हंट
इसमें इलाके के छोटे-बड़े कलाकार अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। बच्चों और युवाओं के लिए ये खास मौका होगा।
21 नवंबर – शानदार जवाबी कव्वाली
कव्वाली की रात मेले का सबसे बड़ा आकर्षण होगी। दूर-दूर से मशहूर कव्वाल आकर अपनी कला का जलवा बिखेरेंगे और देर रात तक महफिल सजेगी।
22 नवंबर – म्यूजिक कॉन्फ्रेंस
इसमें संगीत के बड़े कलाकार हिस्सा लेंगे और शास्त्रीय संगीत से लेकर सूफी संगीत तक की प्रस्तुति देंगे।
24 नवंबर – ऑल इंडिया मुशायरा
मुशायरे में देश के नामी शायर शिरकत करेंगे। शेरो-शायरी की ये रात लोगों को लंबे समय तक याद रहेगी।
26 नवंबर – आतिशबाजी के साथ समापन
15 दिवसीय मेले का समापन भव्य आतिशबाजी के साथ होगा। आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठेगा।
उद्घाटन समारोह में नसीम गुड्डू, दिनेश वर्मा, टीनू जैन, मनोज श्रीवास्तव हैप्पी, चौधरी वकार, मोहम्मद वहीद,जफरुल इस्लाम, अकील राही, मोहम्मद नफीस, अबुजर अंसारी, पप्पू मालिक, नसरे आलम, असद अब्बासी, चंदन जयसवाल, मोहमद मुनीर हैदर , फैसल खान, शाकिर बहलीमी, जावेद यूसुफ, रेहान खान, ललन इदरीसी, रमन, कलीम नईमी, अतीक टेलर समेत सैकड़ों गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में आम जनता मौजूद रही। मेला कमेटी ने लोगों से अपील की है कि मेले में आएं, कार्यक्रमों का लुत्फ उठाएं और शांति व भाईचारा बनाए रखें।
रिपोर्टर - नफीस अहमद

No Previous Comments found.