सड़क पर गड्ढा दे रहा हादसों को दावत दो सप्ताह से टूटा पड़ा जल निकासी वाला पाइप

मसौली बाराबंकी :  गोंडा बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग से लखनऊ अयोध्या हाईवे को जोड़ने वाले सुरसंडा संपर्क मार्ग पर सड़क के बीच बना गड्ढा राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। जलनिकासी के लिए सड़क के नीचे डाली गई सीमेंट की पाइप बीते दो सप्ताह से टूटी पड़ी है। इसके चलते सड़क का करीब एक तिहाई हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे में गिरकर अब तक कई मोटरसाइकिल सवार चोटिल हो चुके हैं। दिन के उजाले में तो राहगीर किसी तरह गड्ढे को देखकर बच निकलते हैं लेकिन रात के अंधेरे में मोटरसाइकिल और ई रिक्शा चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई लोग गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो चुके हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त पाइप और सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। राहगीरों ने संबंधित विभाग से तत्काल मरम्मत कराकर आवागमन सुरक्षित बनाने की मांग की है।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.