जर्जर होने से टूटी थी डॉ अंबेडकर की प्रतिमा ग्रामीणों ने कराया दुरुस्त
मसौली बाराबंकी : थाना क्षेत्र के ग्राम गड़ियापुरवा मजरे जलुहामऊ में मंगलवार को डॉ० भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की सूचना से पुलिस महकमे में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही मसौली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से जानकारी जुटाई। बाद में पुलिस की निगरानी में ग्रामीणों के सहयोग से प्रतिमा को दुरुस्त करा दिया गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण नंदलाल यादव, प्रेमचंद, सतीश और प्रदीप ने बताया कि डॉ० भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी थी। लंबे समय से खराब हालत में होने के कारण प्रतिमा का एक हाथ टूट गया था। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त नहीं किया गया है बल्कि जर्जर होने के कारण उसका हिस्सा टूटकर अलग हो गया था। ग्रामीणों के आपसी सहयोग से प्रतिमा की मरम्मत करा दी गई।प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल ने बताया कि प्रतिमा पुरानी होने के कारण क्षतिग्रस्त हुई थी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों के सहयोग से प्रतिमा को ठीक करा दिया गया है।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.