बिछलखा और लैन समितियों पर धान खरीद की रफ्तार सुस्त, अब तक महज 600 कुंतल खरीद

बाराबंकी : तहसील क्षेत्र की साधन सहकारी समिति बिछलखा और लैन पर धान खरीद की रफ्तार बेहद धीमी बनी हुई है। दोनों समितियों पर अब तक महज 600 कुंतल धान की खरीद हो सकी है। धीमी खरीद प्रक्रिया के चलते किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, साधन सहकारी समिति बिछलखा पर अब तक मात्र 200 कुंतल, जबकि लैन समिति पर 400 कुंतल धान की खरीद हुई है। इस तरह दोनों समितियों को मिलाकर भी एक हजार कुंतल का आंकड़ा पार नहीं हो सका है। वहीं, दूसरी ओर सेमराय क्रय केंद्र पर धान खरीद की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। यहां अब तक तीन हजार कुंतल से अधिक धान की खरीद की जा चुकी है। धान खरीद में समितियों के बीच इस अंतर को लेकर किसान नेताओं शिव बरन वर्मा और नरेंद्र सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने मांग की है कि जिन समितियों और क्रय केंद्रों पर धान खरीद की रफ्तार धीमी है, वहां खरीद प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर एक जिम्मेदार अधिकारी की तैनाती की जाए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबे समय तक भटकना और परेशान न होना पड़े। किसान नेताओं ने कहा कि सभी क्रय केंद्रों की नियमित निगरानी की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि किसानों को उनकी उपज का निर्धारित वाजिब मूल्य समय से मिल सके।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.