जनगणना की अनिवार्यता पर हुई चर्चा, जनप्रतिनिधियों से सहयोग की अपील
देवा (बाराबंकी) : विकास खंड देवा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में गुरुवार को जनगणना की उपयोगिता और अनिवार्यता को लेकर बैठक आयोजित की गई। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह यादव की उपस्थिति में हुई बैठक में ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत प्रशासकों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम पंचायत सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।बैठक में जनगणना के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों को जनगणना की उपयोगिता और इसकी अनिवार्यता के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही जनगणना के कार्य को सफल बनाने में जनसहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया गया।मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख धर्मेंद्र सिंह यादव ने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में आम लोगों को जनगणना के महत्व और इससे होने वाले लाभों के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया में जनसामान्य का सहयोग महत्वपूर्ण है। ऐसे में सभी जनप्रतिनिधि लोगों को जागरूक करते हुए जनगणना कार्य में सहयोग के लिए प्रेरित करें।बैठक में मंडल अध्यक्ष अरविंद वर्मा ,मंडल महामंत्री,ग्राम प्रधान,क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी), ग्राम पंचायत सदस्य तथा विकास खंड के कर्मचारी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : नफीस

No Previous Comments found.