सूफी संत की मजार पर पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने चढ़ाई चादर, मुल्क में अमन-चैन और खुशहाली की मांगी दुआ
मसौली - बाराबंकी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने गुरुवार की शाम सुप्रसिद्ध सूफी संत हजरत सैय्यद मीर शाह इस्माइली वास्तवी रहमतुल्लाह अलैह की मजार शरीफ पर पहुंचकर चादरपोशी की। इस दौरान उन्होंने मुल्क की सलामती, अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी। मजार शरीफ पर पहुंचे पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप और पूर्व विधायक रामगोपाल रावत का पूर्व जिला पंचायत सदस्य शकील सिद्दीकी एवं फरहान वास्ती ने स्वागत किया। इसके बाद मजार शरीफ के खादिमों की मौजूदगी में पूर्व मंत्री ने चादर पेश की और देश में शांति, तरक्की तथा खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने कहा कि पीर-फकीरों और सूफी संतों ने हमेशा समाज को प्रेम, भाईचारे और एकता के सूत्र में बांधने का काम किया है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि सूफी संतों की विचारधारा गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। ऐसे महान संतों की मजार पर पहुंचकर मन को शांति और दिल को सुकून मिलता है। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी देश में अमन-चैन, आपसी सद्भाव और खुशहाली की दुआ मांगी।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.