कोटवा धाम में भव्य 'सत्यनामी पंचकोसी परिक्रमा' संपन्न, उमड़ा 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का जनसैलाब

बाराबंकी :  सत्यनाम संप्रदाय के आदि प्रवर्तक समर्थ संत साईं जगजीवन दास साहिब की तपोभूमि श्री कोटवा धाम में देवोत्थानी एकादशी 20 नवंबर के पावन अवसर पर परंपरागत 'सत्यनामी पंचकोसी परिक्रमा' का भव्य आयोजन किया गया। 'सत्यनाम आश्रम प्रथम पावा कमोली धाम, श्री कोटवा धाम' के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा का शुभारंभ प्रातः 7.30 बजे कविवर प्रेमदास (प्रेम) द्वारा समर्थ साईं जगजीवन दास साहिब समाधि मंदिर में दर्शन एवं आरती के साथ हुआ।परिक्रमा का मार्ग एवं पड़ाव

इस वर्ष की पंचकोसी परिक्रमा में 10,000 से अधिक साधु-संतों, महिलाओं, बच्चों और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। यह यात्रा समर्थ साईं जगजीवन दास साहिब की तपोभूमि श्री कोटवा धाम से प्रारंभ होकर श्री पीतांबर दास कुटी, साहिब मोती दास समाधि मंदिर मदारपुर में साहेब मोती दास समिति के माध्यम से परिक्रमा कर रहे भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया और कटेरा देवी का दर्शन करते हुए पावन जन्मभूमि सरदहा धाम पहुंची। वहां साहिब शोभा दास एवं स्वामी अहलादास दास की समाधि का पूजन-अर्चन करने के पश्चात यात्रा भीती और तपोभूमि साहेब पुरवा होते हुए पुनः श्री कोटवा धाम स्थित समाधि मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।
संत जगजीवन दास साहिब का समतामूलक संदेश
परिक्रमा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए सतनाम आश्रम (श्री कोटवा धाम) के बाबा कमलेश दास ने कहा कि लगभग 350 वर्ष पूर्व समर्थ संत जगजीवन दास साहिब ने "राम नाम सत्य निराकार है, वही घट-घट में व्याप्त है और वही सतनाम है" का संदेश दिया था। उन्होंने जाति, धर्म, ऊंच-नीच और अमीर-गरीब का भेदभाव मिटाकर सभी वर्गों को दीक्षित किया तथा 4 पावा, 14 गद्दी, 36 महंत और 33 भजनानंदियों की परंपरा स्थापित कर समाज को संगठित किया। उन्होंने वर्तमान परिदृश्य पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज समाज में जो जातिवाद, पाखंडवाद और वैमनस्य बढ़ रहा है, उसका समाधान केवल समर्थ संत जगजीवन दास साहिब के समतामूलक सिद्धांत "साधो एक ज्योति सब माही" में ही निहित है। सर्वधर्म समभाव और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का यही संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस यात्रा का आयोजन किया गया है।


रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.