जिला महिला चिकित्सालय की व्यवस्था पर सवाल! लाखों की लागत से बनी पैथोलॉजी में महिलाओं के लिए अलग शौचालय तक नहीं

बाराबंकी : जनपद बाराबंकी के जिला महिला चिकित्सालय में महिलाओं की सुविधाओं को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं और गर्भवती महिलाएं इलाज के लिए पहुंचती हैं, वहां लाखों रुपये की लागत से बने पैथोलॉजी में महिलाओं के लिए अलग शौचालय तक की व्यवस्था नहीं है।

दरअसल, महिला चिकित्सालय की ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के बाद जिन महिला मरीजों को यूरिन टेस्ट कराने के लिए पैथोलॉजी भेजा जाता है, उन्हें शौचालय की सुविधा के लिए बाहर जाना पड़ता है। हैरानी की बात यह है कि वहां पहुंचना भी मरीजों के लिए मुश्किल हो रहा है।

बताया गया कि पैथोलॉजी के अंदर एक-दो शौचालय बने हुए हैं, लेकिन वहां मौजूद स्टाफ उन्हें मरीजों के इस्तेमाल के लिए नहीं, बल्कि केवल स्टाफ के लिए बताते हैं। ऐसे में महिला मरीजों को बाहर बने उसी शौचालय का इस्तेमाल करना पड़ता है, जहां पुरुष भी जाते हैं।

इतना ही नहीं, बाहर कहीं भी यह स्पष्ट नहीं लिखा है कि शौचालय पुरुषों के लिए है या महिलाओं के लिए। मौके की तस्वीरें अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। शौचालय में गंदगी का अंबार, पान-मसाले की पीक और फैली दुर्गंध से हालात बेहद खराब नजर आते हैं। स्थिति ऐसी है कि गर्भवती महिलाएं आखिर इस गंदगी और दुर्गंध के बीच किस तरह अपनी जांच कराएंगी?

जब जिला महिला चिकित्सालय में ही महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था नहीं है, तो ही महिलाओं मरीजों को सुविधाओं को लेकर अस्पताल प्रशासन कितना गंभीर है, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। यूरिन टेस्ट जैसी सामान्य जांच के लिए आने वाली महिलाओं को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह स्वास्थ्य व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

गौरतलब है कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक लगातार सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दे रहे हैं। इसके बावजूद बाराबंकी के जिला महिला चिकित्सालय के सामने आई यह स्थिति अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिला महिला चिकित्सालय में महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था क्यों नहीं है? पैथोलॉजी के अंदर बने शौचालय मरीजों के इस्तेमाल में क्यों नहीं लाए जा रहे हैं? लाखों रुपये की लागत से बनी पैथोलॉजी में मरीजों की बुनियादी सुविधाओं का ध्यान क्यों नहीं रखा गया? इस लापरवाही का जिम्मेदार आखिर कौन है?
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.