फतेहपुर में देव दीपावली की धूम: महादेव तालाब पर जले सवा लाख दीप, गंगा आरती में उमड़ी आस्था
फतेहपुर/बाराबंकी : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर फतेहपुर स्थित श्री शक्तिधाम महादेव तालाब पर देव दीपावली का भव्य आयोजन हुआ। संध्या होते ही पूरा तालाब परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। घाटों पर सजे सवा लाख दीपों और सरोवर में तैरते दीयों ने ऐसा नजारा पेश किया कि देखने वाले मंत्रमुग्ध हो गए।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। प्रतिष्ठाचार्य पं. अखिलेश चंद्र शास्त्री ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए। देखते ही देखते तालाब के चारों ओर के घाट दीपों की सुनहरी रोशनी से नहा गए।
महोत्सव का सबसे आकर्षक क्षण मां गंगा की भव्य आरती रही। भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी के स्वरूपों की आरती के दौरान पूरा परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
इस बार महोत्सव में सांई पीजी कॉलेज के छात्रों की कलाकारी भी खूब सराही गई। विद्यार्थियों ने बर्फ से भगवान भोलेनाथ का शिवलिंग और नंदी का सुंदर स्वरूप बनाया, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं बच्चों द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी रंगोलियों ने कार्यक्रम की शोभा और बढ़ा दी।
देर शाम तक चले इस आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने दीपदान किया और सुख-समृद्धि व लोककल्याण की कामना की।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर हंसानंद महाराज, पूर्व सांसद प्रियंका रावत, विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, राजेश पाठक, राजीव नयन तिवारी, रामू तिवारी, विपिन राठौर, सिंधु श्रीवास्तव, अनिल शर्मा, मनोज सिंह, मोहन रस्तोगी, अंशुमान मिश्र, बाबा महंत हेमंत दास, दिनेश चंद्र पांडेय,नलिन कुमार निगम, प्रवीण वर्मा, राकेश गुप्ता, राजमणि मिश्रा, प्रियंका शर्मा, विकास श्रीवास्तव, रामकृष्ण श्रीवास्तव, सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

No Previous Comments found.