फतेहपुर की रात शायरी के नाम: मख़दूम शाह के उर्स में सजा ऑल इंडिया मुशायरा, शायरों के शेरों पर झूम उठा पंडाल

फतेहपुर-बाराबंकी :  मंगलवार की रात फतेहपुर का मेला पंडाल शायरी की रोशनी से जगमगा उठा। ऐतिहासिक मख़दूम शेख़ हिसामुद्दीन चिश्ती (रह.) के उर्स व मेले के मौके पर सजे ऑल इंडिया मुशायरे में जब देश के नामचीन शायरों ने अपना कलाम छेड़ा तो पूरा पंडाल वाह-वाह और तालियों से गूंज उठा। देर रात तक चली इस महफ़िल में मोहब्बत, इंसानियत और कौमी एकता के शेरों ने श्रोताओं का दिल जीत लिया।

मुशायरे की सदारत उस्ताद शायर राही सिद्दीकी ने की और निज़ामत की कमान हिलाल बदायूंनी के हाथों में थी। उन्होंने अपने चुटीले अंदाज़ और शेरों से महफ़िल को शुरू से आख़िर तक बांधे रखा।

मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यवाहक मुख्यमंत्री एवं प्रसिद्ध शिक्षाविद् डॉ. अम्मार रिज़वी ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथियों में चौधरी तालिब नजीब, मसौली ब्लॉक प्रमुख यासिर किदवई, फ़रहत उल्लाह किदवई, फ़राज़ किदवई, हुमायूं नईम, बेलहरा चेयरमैन प्रतिनिधि अयाज़, दानिश सिद्दीकी, सैयद आरिफ महमूदाबाद मौजूद रहे। आयोजकों ने सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।

महफ़िल में गूंजे वो शेर, जिन्हें लोग भूल नहीं पाएंगे

ख़ुर्शीद हैदर:
मेरी जानिब मोहब्बत से न देखो
मोहब्बत पर ज़वाल आया हुआ है

जमाल हसन पूरी:
गुस्ताख़ियां हो जाती हैं इंसान से माना
रिश्तों पे मगर ख़ाक तो डाली नहीं जाती

हाशिम फ़िरोज़ाबादी:
हम हैं बीमार मोहब्बत की दवा लाए हैं
हम तेरे शहर की मिट्टी को उठा लाए हैं

अली बाराबंकवी:
हम अगर चुप हैं तो हम को चुप ही रहने दीजिए
हम जो बोलेंगे तो पैदा ज़लज़ला हो जाएगा

डॉ. ओम शर्मा 'ओम':
बताकर बोझ उनको कोख में ही मारने वालों
अगर बेटी नहीं होगी तो पानी कौन पूछेगा
इस शेर पर पंडाल में देर तक तालियां बजती रहीं।

रुबीना अयाज़:
हो गया जो भी था मंज़ूर ख़सारा होना
अब तो मुमकिन ही नहीं इश्क़ दोबारा होना

एज़्म शाकिरी:
जिस जगह पहले के ज़ख़्मों के निशां हैं
फिर वहीं पर चोट मारी जा रही है

काविश रुदौलवी:
मैंने जो बोया था अगली नस्ल ने लौटा दिया
देख मुझ मेरे छोटे ने कुर्सी छोड़ दी

सदर-ए-मुशायरा राही सिद्दीकी:
आग ये फ़िरक़ा परस्ती की लगाने वाले
तेरी लंका भी इसी आग में जल जाएगी

उस्मान मीनाई:
सवाल करते हो मुझ से कि दीन क्या है
तुम आदमी हो कि मुनकिर नकीर हो क्या हो

इसके अलावा वासिफ़ फ़ारूक़ी, डॉ. नदीम शाद, मशकूर ममनून, धर्मराज उपाध्याय, आमिर बाराबंकवी, शाइस्ता सना और प्रतिभा यादव ने भी अपने कलाम से ख़ूब दाद-ओ-तहसीन हासिल की।

पूरी रात शायरी के इस जश्न में मेला अध्यक्ष मोहम्मद मशकूर, चौधरी वक़ार, नसीम गुड्डू, हाफ़िज़ शरीफ़ अतीक़ इदरीसी, मुनीर हैदर, अबुज़र अंसारी, हाफ़िज़ कलीम, ज़फ़रुल इस्लाम पप्पू, कलीम ख़ान, कलीम नईमी, शाकिर बहलीमी, मोहम्मद अकीक़ पप्पू, नसरे आलम, इरफ़ान मुंशी, फ़ैसल ख़ान, मोहम्मद तौफ़ीक़, मुख़्तार अंसारी, मोहम्मद सलमान समेत हज़ारों श्रोता मौजूद रहे।

अंत में नसीम गुड्डू व चौधरी वक़ार ने सभी शायरों और श्रोताओं का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मख़दूम शाह का ये मेला गंगा-जमुनी तहज़ीब की ज़िंदा मिसाल है, जहां हर धर्म के लोग मोहब्बत के साथ आते हैं।

रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.