होटल पार्किंग विवाद से भड़की हिंसा,पुलिस की सख्त कार्रवाई

बारामती - भिगवण रोड स्थित वृंदावन होटल के सामने केवल वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई थी। इस मामले के मुख्य आरोपी तनमेश सुधीर सालुंखे को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। यह घटना 29 नवंबर को हुई थी। मानस दीपक पाटील (निवासी—तनाई नगर, बारामती) अपने दोस्तों के साथ भोजन के लिए वृंदावन होटल गए थे। होटल के बाहर वाहन पार्किंग को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी तनमेश सालुंखे, राम लोखंडे, मौली रणदिवे, ओंकार भोसले तथा उनके 11–12 साथियों ने मिलकर मानस पाटील पर पत्थरों और लोहे की रॉड से सिर पर हमला किया। साथ ही उनके साथ मौजूद मित्रों को भी पिकअप वाहन से आकर बेरहमी से पीटा गया।

इस प्रकरण में बारामती तालुका पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले आरोपी राम अनिल लोखंडे (उम्र 24) को गिरफ्तार किया जा चुका था। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान मुख्य सूत्रधार तनमेश सालुंखे को 13 जनवरी को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संदीप गिल, अपर पुलिस अधीक्षक गणेश बिरादार, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुदर्शन राठोड के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में पुलिस उपनिरीक्षक युवराज पाटील, हवलदार मनोज पवार, सागर देशमाने, भारती खंडागळे, पुलिस कांस्टेबल राजू बन्ने और दादा दराडे शामिल थे। मामले की आगे की जांच पुलिस उपनिरीक्षक युवराज पाटील और पुलिस कांस्टेबल राजू बन्ने कर रहे हैं।

पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर यादव ने चेतावनी दी है कि बारामती तालुका में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्टर - प्रभव चंद्रकांत काले 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.