बारामती में शोक के बीच सादगी से मनाई जाएगी रमज़ान ईद, मुस्लिम समाज की अपील
बारामती : राज्य के उपमुख्यमंत्री रहे अजितदादा पवार का 28 जनवरी 2026 को विमान दुर्घटना में दुखद निधन हो गया था। इस हादसे में उनके साथ चार अन्य लोगों की भी मौत हुई, जिसके बाद पूरे महाराष्ट्र में शोक की लहर फैल गई थी।
इसी शोक की भावना को ध्यान में रखते हुए बारामती शहर के मुस्लिम समाज बांधवों ने इस वर्ष रमज़ान ईद सादगी और संयम के साथ मनाने का निर्णय लिया है। समाज की ओर से सभी नागरिकों से अपील की गई है कि त्योहार के दौरान आतिशबाज़ी, डीजे, ईद मिलन समारोह, बैनर-फ्लेक्स तथा अन्य उत्सवात्मक सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित न किए जाएँ।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि ईद हर साल आती रहेगी, लेकिन अजितदादा पवार जैसे जननेता दोबारा नहीं मिलेंगे। उनके निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख है और सभी समाज उनके परिवार के साथ खड़े हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पवार ने हर समाज के विकास के लिए सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्तर पर उल्लेखनीय कार्य किए थे, इसलिए उनके सम्मान में यह निर्णय लिया गया है।
मुस्लिम समाज ने शहरवासियों से भी शांति, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हुए ईद सादगी से मनाने का सहयोग करने का आग्रह किया है।
रिपोर्टर : प्रभव चंद्रकांत काले

No Previous Comments found.