जनाई-शिरसाई सिंचाई योजना की मांगों को लेकर किसानों का अनिश्चितकालीन अनशन शुरू
बारामती - ग्रामीण (महाराष्ट्र): बारामती तालुका के देऊळगांव रसाळ और आसपास के गांवों के किसानों ने जनाई-शिरसाई उपसा सिंचाई योजना से जुड़ी लंबित मांगों को लेकर सोमवार, 23 नवंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू करने का ऐलान किया है। किसानों का यह आंदोलन सुबह 11 बजे से ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने शुरू होने जा रहा है। किसान संघर्ष समिति, देऊळगांव रसाळ के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसानों और ग्रामीणों के शामिल होने की उम्मीद है।
किसानों की प्रमुख मांग है कि सुपे वितरण कुंड से देऊळगांव रसाळ तक पूरी पाइपलाइन को भूमिगत और बंदिस्त किया जाए। साथ ही प्रस्तावित पाइपलाइन का पूरा नक्शा ग्रामस्थों को उपलब्ध कराया जाए, ताकि योजना के काम में पारदर्शिता बनी रहे। इसके अलावा गांव के शेष तालाबों और बांधों को भी सिंचाई योजना में शामिल करने, लंबित भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी करने और प्रभावित किसानों को जल्द मुआवजा देने की मांग की गई है। किसानों का आरोप है कि पाइपलाइन में लीकेज और अवैध तरीके से पानी निकालने के कारण गांव तक कम दबाव में पानी पहुंच रहा है। उन्होंने अवैध साइफनिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आंदोलनकारियों का कहना है कि पाइपलाइन बंदिस्त होने से बचने वाले पानी का उपयोग पुणे महानगरपालिका को देने के बजाय पानी से वंचित गांवों के तालाबों और खेती के लिए किया जाना चाहिए। साथ ही पूरी सिंचाई योजना को सौर ऊर्जा से संचालित करने की मांग भी उठाई गई है। किसानों ने नहर की सफाई, लीकेज बंद करने और अधूरी छोटी नहरों को भी पाइपलाइन में बदलने की मांग रखी है। रसाळवाडी स्थित तालाब का नाम बदलकर 'रसाळवाडी महादेव मंदिर तालाब' करने और उसे योजना के सिंचाई क्षेत्र में शामिल करने की मांग भी आंदोलन का हिस्सा है। किसानों ने स्पष्ट किया है कि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
संवाददाता :- शिवाजी रसाळ

No Previous Comments found.