अवैध कॉलोनियों में भराई की मिट्टी आखिर आ कहां से रही है?
बारां - शहर और आसपास के इलाकों में अवैध रूप से मिट्टी का खनन लगातार जारी है। दिन-दहाड़े जेसीबी मशीनें चल रही हैं, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में मिट्टी भरकर ले जाई जा रही है और खेत, नाले व सरकारी जमीनें धीरे-धीरे खोखली होती जा रही हैं।
सबसे बड़ा और सीधा सवाल यह है कि — शहर में जो नई-नई प्लानिंग और अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं, उनमें भराई के लिए जो मिट्टी डाली जा रही है, आखिर वह मिट्टी आ कहां से रही है? स्थानीय लोगों का कहना है कि जैसे ही रात का अंधेरा शुरू होता है, शहर के भीतर और आसपास ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और डंपरों से मिट्टी ढुलाई का अंधा खेल शुरू हो जाता है।प्रशासन की नाक के नीचे से ही मिट्टी से भरे ट्रैक्टर और डंपर लगातार निकलते रहते हैं। आखिर इन अवैध वाहनों को संरक्षण किसका मिला हुआ है — यही सबसे बड़ा सवाल बन गया है। नागरिकों का कहना है कि यह महज नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि आने वाले समय के लिए एक गंभीर और खतरनाक समस्या बनती जा रही है। अवैध मिट्टी खनन से भू-क्षरण तेजी से बढ़ रहा है, खेत और आसपास की जमीन कमजोर हो रही है,और बरसात के मौसम में बड़े हादसों की आशंका बन रही है। सब कुछ खुलेआम होने के बावजूद कार्रवाई दिखाई नहीं देना, प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का आरोप है कि अवैध कॉलोनियों में भराई की जरूरत ने ही मिट्टी के इस अवैध कारोबार को और बढ़ावा दिया है। इस पूरे मामले को लेकर आमजन ने सीधे तौर पर खनन विभाग, राजस्थान सरकार और जिला प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अब सवाल साफ है —
क्या अवैध कॉलोनियों में भराई के नाम पर मिट्टी माफिया को खुली छूट मिल रही है, या फिर इस पूरे खेल पर जानबूझकर आंखें मूंदी जा रही हैं?
रिपोर्टर - पंकज राठौर

No Previous Comments found.