होली तक अतिक्रमण पर ब्रेक,बाद में बनेगा साझा रोडमैप

बारां - नगर परिषद और पुलिस प्रशासन के सहयोग से चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर व्यापारियों में उपजे असंतोष के बीच संवाद की पहल की गई। अभियान की खामियों और आपत्तियों को लेकर व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने महावीर सिंह हाड़ा के नेतृत्व में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवर लाल जंगवाल से मुलाकात कर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने आगामी होली पर्व को देखते हुए फिलहाल अभियान स्थगित रखने और त्योहार के बाद सभी व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक कर सुनियोजित कार्ययोजना के तहत कार्रवाई करने का प्रस्ताव रखा। वार्ता सकारात्मक माहौल में हुई और इस पर सहमति बनी कि होली तक यथास्थिति बनी रहेगी। त्योहार के बाद बिंदुवार समीक्षा कर अतिक्रमण की परिधि स्पष्ट की जाएगी तथा समान रूप से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी प्रकार का पक्षपात न हो। बैठक में बाजार क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की उपलब्धता और सुगम यातायात व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी गंभीर चर्चा हुई। वार्ता के बाद प्रतिनिधिमंडल ने व्यापारियों से अपील की कि वे निर्धारित सीमा में ही सामान रखकर व्यापार करें,जिससे व्यापार प्रभावित न हो और आमजन को आवागमन में परेशानी भी न हो। प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय बनाए रखने पर सभी पक्षों ने सहमति जताई।

रिपोर्टर - पंकज राठौर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.