सीएम से मिले बरेली मेयर, प्रदेश के 17 नगर निगमों में विकास की दिशा तय होगी
बरेली : बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम ने लखनऊ पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान बरेली के सतत, समग्र और सुव्यवस्थित विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर आधे घंटे तक विस्तार से चर्चा हुई।
डा. गौतम, जो उत्तर प्रदेश महापौर परिषद के अध्यक्ष भी हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश के 17 नगर निगमों की जानकारी ली और जल्द समीक्षा बैठक करने का आश्वासन दिया। बैठक में शहरी विकास और नई परियोजनाओं के प्रमुख एजेंडों पर चर्चा होगी। महापौर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बरेली में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान की प्रगति भी पूछी और निर्देश दिए कि कार्रवाई निरंतर जारी रहे। साथ ही विकास कार्यों में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। डा. गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में बरेली लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ जनसुविधाओं के विस्तार और नागरिकों के जीवन स्तर सुधार के लिए काम कर रहा है।
महापौर ने मुख्यमंत्री को भेंट की हनुमान जी की प्रतिमा
बरेली के महापौर डॉ. उमेश गौतम ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें भगवान हनुमान जी की भव्य प्रतिमा भेंट की। महापौर ने कहा कि यह भेंट शुभकामनाओं और नगर के विकास के प्रति समर्पण के प्रतीक के रूप में दी गई है। मुख्यमंत्री ने इस भेंट को स्वीकार करते हुए नगर के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में सकारात्मक संदेश दिया।
बरेली के लिए बड़ी योजनाओं की उम्मीद, सीएम ने दिया विकास आश्वासन
लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात में महापौर ने बरेली के विकास कार्यों पर चर्चा की। बैठक में कई बड़ी परियोजनाओं को जल्द बरेली में लागू करने की योजना की संभावना बनी है। मुख्यमंत्री ने विकास को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया और शहर में नई योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।
रिपोर्टर : बी.एस.चन्देल


No Previous Comments found.