रेलवे प्रशासन द्वारा महापर्व दीपावली एवं छठ त्यौहारों पर यात्रियों की मांग को लेकर पूजा विशेष ट्रेनें चलाई जा रही

बरेली : रेलवे प्रशासन द्वारा महापर्व दीपावली एवं छठ त्यौहारों पर यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुये पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से देश के महानगरों एवं प्रमुख नगरों के लिये पूजा विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन पूजा विशेष ट्रेनों के माध्यम से महापर्व दीपावाली एवं छठ त्यौहारों में यात्रियों की यात्रा सुगम हो रही है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप अधिक संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इज्जतनगर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से देश के प्रमख नगरों जैसें-लालकुआँ से राजकोट, कोलकाता, वीरांगना लक्ष्मीबाई जं. झाँसी एवं प्रयागराज जं. तथा टनकपुर से अछनेरा एवं काठगोदाम से मुम्बई सेन्ट्रल इत्यादि स्टेशनों के मध्य पूजा विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। ये सभी विशेष ट्रेनें इस मंडल को देश के प्रमुख महानगरों यथा-कोलकता, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, झांसी, राजकोट, वाराणसी, लखनऊ एवं प्रयागराज से सीधे जोड़ती है। जिससे क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सुलभ एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध हुआ है। इन ट्रेनों के संचलन से मार्गवर्ती स्टेशनों के यात्रियों को जाने/आने में काफी सुविधा हो रही है।
इज्जतनगर मंडल से प्रतिदिन औसतन 45 मेल/एक्सप्रेस ट्रेने संचालित की जा रही है। इन ट्रेनों में सामान्य वर्ग, द्वितीय वर्ग एवं एसी. वर्ग की सुविधा उपलब्ध है, जिससे हर वर्ग के यात्रियों को उनकी आवश्यकतानुसार यात्रा का विकल्प मिलता है। ये ट्रेनें मंडल को कई महत्वपूर्ण महानगरों-जम्मू, चंडीगढ़, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, जैसलमेर, सिंगरौली, शक्तिनगर, नई दिल्ली, दौराई, राजकोट, लखनऊ एवं गोरखपुर आदि को जोड़ती है। इस मंडल में हाल ही में यात्री ट्रेनों में कुल 46 कोचों की वृद्धि के साथ तथा कुल 5 मेमों/डेमों रेकों का संचालन किया जा रहा है। जिसमें प्रत्येक रेक में अब पहले से अधिक यानि 12 कोच लगाये गये है। प्रति कोच 80 के आधार पर प्रतिदिन लगभग 12,000 यात्रियों की आवागमन क्षमता में वृद्धि हुई है। यह सुविधा बरेली सिटी-टनकपुर-रामनगर-मुरादाबाद-लालकुआँ सर्किट में उपलब्ध करायी गई है। जिससे क्षेत्रीय यात्रियों, विद्यार्थियों एवं पर्यटकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। जिसके फलस्वरुप भीड़ में कमी, समयपालन में सुधार एवं यात्रियों की संतुष्टि में वृद्धि हुई है। ज्ञातव्य हो कि प्रतिवर्ष दीपावली एवं छठ त्यौहारों के अवसर पर देश भर से बड़ी संख्या में लोग इस क्षेत्र में आते हैं। यहाँ के लोगों के लिये ये त्यौहार न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं,परिवार से मिलने का भी एक विशेष अवसर होता है। त्यौहारों के दौरान यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुये रेल यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए पूजा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन सेवाओं के माध्यम से न केवल उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सुविधाजनक एवं सीधा रेल संपर्क प्राप्त हुआ है, बल्कि व्यापार, शिक्षा, पर्यटन एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी गति मिली है। इज्जतनगर मंडल अपने सम्मानित रेल यात्रियों की आरामदायक सुख-सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सदैव प्रयासरत है।
रिपोर्टर : अनूप कुमार
No Previous Comments found.