बरेली में डिलीवरी योद्धाओं का ऐतिहासिक सम्मान
बरेली : बरेली शहर में आयोजित भव्य “डिलीवरी योद्धा सम्मान समारोह” सेवा, सम्मान और सामाजिक सरोकारों का एक ऐतिहासिक उदाहरण बन गया। Zomato, Swiggy, Blink it,Zapto,Rapido सहित विभिन्न कंपनियों के हजारों डिलीवरी राइडर्स के सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में महापौर डॉ. उमेश गौतम, पार्थ गौतम फाउंडेशन के अध्यक्ष पार्थ गौतम, मीडिया प्रतिनिधि, सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स एवं बड़ी संख्या में डिलीवरी राइडर्स मौजूद रहे।
पूरा सभागार “भारत माता की जय” और “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा। हजारों डिलीवरी राइडर्स की मौजूदगी ने समारोह को अभूतपूर्व बना दिया। कार्यक्रम में समाजसेवा, राष्ट्रभावना और मानवीय संवेदनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।
“समाज सेवा केवल भाषणों से नहीं होती” — पार्थ गौतम
अपने संबोधन में पार्थ गौतम ने कहा कि वास्तविक समाज सेवा लोगों के बीच जाकर उनके सुख-दुख में सहभागी बनने से होती है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं लगातार होली, दीपावली सहित विभिन्न त्योहारों पर हजारों परिवारों तक पहुंचकर शुभकामनाएं और सहायता पहुँचाते है।
उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों से प्रतिवर्ष 20 हजार से अधिक जरूरतमंद लोगों को कंबल व गर्म टोपी का वितरण किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से अपील की कि वे अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाएं ताकि सरकारी विद्यालयों की व्यवस्था मजबूत हो और बच्चों में सामाजिक संवेदनशीलता विकसित हो सके।
डिलीवरी राइडर्स के लिए दो बड़ी घोषणाएं
समारोह के दौरान पार्थ गौतम ने डिलीवरी राइडर्स एवं उनके परिवारों के हित में दो बड़ी घोषणाएं कर सभी को भावुक कर दिया।
उन्होंने घोषणा की कि सभी पंजीकृत राइडर्स एवं उनके परिवारों को मिशन अस्पताल में निशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। चाहे ऑपरेशन हो या किसी भी प्रकार का उपचार — सभी सुविधाएं मुफ्त प्रदान की जाएंगी।
इसके साथ ही राइडर्स की समस्याओं के समाधान के लिए 24 घंटे सक्रिय विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी करने की घोषणा भी की गई। किसी भी परेशानी की स्थिति में राइडर्स सीधे संपर्क कर सकेंगे और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने एक घायल डिलीवरी राइडर का उल्लेख करते हुए कहा कि निजी अस्पतालों का भारी खर्च गरीब परिवारों के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन जाता है। इसी को ध्यान में रखते हुए राइडर्स और उनके परिवारों के लिए विशेष मेडिकल कार्ड योजना शुरू की जा रही है।
रक्षाबंधन पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
पार्थ गौतम ने बताया कि पिछले वर्ष रक्षाबंधन पर हजारों बहनों द्वारा राखियां बनवाकर एक नया रिकॉर्ड बनाया गया था और इस वर्ष गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बरेली में सेवा कार्यों की नई संस्कृति विकसित हो रही है और लोग समझने लगे हैं कि केवल राजनीति ही नहीं बल्कि सेवा के माध्यम से भी जनता के दिलों में स्थान बनाया जा सकता है। उन्होंने नकारात्मक राजनीति करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि सेवा कार्यों की बराबरी करना आसान नहीं है।
“डिलीवरी राइडर्स समाज के असली योद्धा हैं” — डॉ. उमेश गौतम
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि समाज सेवा का दिखावा और वास्तविक सेवा में जमीन-आसमान का अंतर होता है। कुछ लोग केवल गाड़ियों और होर्डिंग्स पर “समाजसेवी” लिखवा लेते हैं, लेकिन सच्ची सेवा वही है जो जनता के बीच जाकर की जाए।
उन्होंने कहा कि राजनीति में आने की इच्छा रखने वालों को गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए। मिशन अस्पताल में गरीबों के इलाज के लिए हमेशा दरवाजे खुले हैं और जरूरतमंदों की सहायता ही सबसे बड़ा धर्म है।
डॉ. उमेश गौतम ने डिलीवरी राइडर्स को “डिलीवरी योद्धा” बताते हुए कहा कि भीषण गर्मी, बारिश और कड़ाके की ठंड में ये लोग लगातार सेवा देते हैं, इसलिए उनका सम्मान पूरे समाज का दायित्व है।
हेलमेट, इंसुलेटेड बोतलें और भोजन पैकेट वितरित
समारोह के दौरान सभी राइडर्स को हेलमेट एवं Milton कंपनी की इंसुलेटेड पानी की बोतलें वितरित की गईं। साथ ही फाउंडेशन के 12 केंद्रों पर इन बोतलों में निशुल्क ठंडा पानी भरवाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा कि राइडर्स केवल कर्मचारी नहीं बल्कि समाज के वास्तविक योद्धा हैं। समाज को धर्म, जाति और राजनीति के नाम पर बांटने वालों से जनता को यह सवाल अवश्य पूछना चाहिए कि उन्होंने समाज के लिए क्या कार्य किया है।
डॉ. उमेश गौतम ने रक्षाबंधन के दौरान हजारों बहनों द्वारा राखी बांधने के भावुक क्षणों को याद करते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग के सम्मान और सहायता के लिए वह लगातार कार्य करते रहेंगे। उन्होंने गरीबों के घरों में टीन लगवाने एवं जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने जैसे कार्यों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी डिलीवरी राइडर्स को हेलमेट, इंसुलेटेड पानी की बोतलें एवं भोजन पैकेट वितरित किए गए। हजारों राइडर्स ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ डॉ. उमेश गौतम और पार्थ गौतम का आभार व्यक्त किया।
यह समारोह केवल सम्मान कार्यक्रम नहीं बल्कि समाज सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का एक प्रेरणादायक संदेश बनकर उभरा।
रिपोर्टर : बी.एस.चन्देल


No Previous Comments found.