पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं संपूर्ण देनदारियों से इस्तिफ़ा

बरेली : मो. शरीफ अली, जिला उपाध्यक्ष, बरेली, आज अत्यंत पीड़ा और गंभीर वैचारिक मंथन के बाद बहुजन समाज पार्टी की प्राथमिक सदस्यता एवं पार्टी द्वारा सौंपे गए सभी दायित्वों से तत्काल प्रभाव से अपना इस्तीफ़ा देता हूँ।

बहुजन समाज पार्टी की स्थापना मान्यवर कांशीराम साहब ने "बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय" के उद्देश्य से की थी, ताकि समाज के वंचित, शोषित, दलित, पिछड़े, आदिवासी और अल्पसंख्यक वर्गों को सम्मान, अधिकार और राजनीतिक भागीदारी मिल सके। मेरा मानना है कि आज पार्टी अपने मूल वैचारिक उद्देश्य से भटकती हुई दिखाई दे रही है। "बहुजन हिताय, बहुजन सुखाय" की मूल भावना को "सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय" की नीति ने पीछे छोड़ दिया है, जिससे बहुजन आंदोलन की वैचारिक धार कमजोर हुई है। इसके अतिरिक्त, मेरा यह भी मानना है कि देश में अल्पसंख्यक समाज, विशेषकर मुस्लिम समाज से जुड़े अनेक गंभीर मुद्दों और उनके साथ हुई घटनाओं पर पार्टी अपेक्षित दृढ़ता और मुखरता से अपनी बात नहीं रख सकी। सामाजिक न्याय का संघर्ष तभी सार्थक है जब हर शोषित, वंचित और उत्पीड़ित समाज की आवाज़ को समान रूप से बुलंद किया जाए।

इस्तीफ़ा किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि अपने वैचारिक सिद्धांतों, सामाजिक न्याय, संविधान और बहुजन महापुरुषों के मिशन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के कारण दे रहा हूँ।

पार्टी के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने मुझे सहयोग और सम्मान दिया। भविष्य में भी मैं बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर, मान्यवर कांशीराम साहब तथा सभी बहुजन महापुरुषों के विचारों और सामाजिक न्याय के मिशन के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करता रहूँगा।

रिपोर्टर : बी.एस.चन्देल
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.