डॉ. फरमान हसन खान को लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स सम्मान

बरेली : गरीबों को बेहतर इलाज और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को शिक्षा के समान अवसर दिलाने की मुहिम अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है। इसी दिशा में लगातार समाजसेवा कर रहे बरेली के डॉ. फरमान हसन खान को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। यूनाइटेड किंगडम की प्रतिष्ठित संस्था लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उनके सामाजिक और मानवीय कार्यों के लिए उन्हें सर्टिफिकेट ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित किया है। इस सम्मान से बरेली का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर रोशन हुआ है।

आला हजरत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक एवं दरगाह आला हजरत के प्रमुख संगठन के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. फरमान हसन खान ने बताया कि संस्था की ओर से उन्हें ईमेल के माध्यम से सम्मान की सूचना दी गई। प्रमाणपत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को विशेष रूप से सराहा गया है।
डॉ. फरमान हसन खान की सामाजिक पहल का प्रमुख उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उनकी संस्था जरूरतमंद मरीजों की निःशुल्क बड़ी सर्जरी कराने की व्यवस्था करने के साथ ही मुफ्त चिकित्सा शिविरों का आयोजन भी कर रही है। इन प्रयासों के माध्यम से हजारों जरूरतमंद लोगों को लाभ पहुंचने का उल्लेख सम्मान पत्र में किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उनकी पहल महत्वपूर्ण है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को NEET, JEE और UPSC जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा रहा है। इसका उद्देश्य है कि आर्थिक तंगी किसी होनहार विद्यार्थी के डॉक्टर, इंजीनियर या प्रशासनिक अधिकारी बनने के सपने में बाधा न बने। प्रमाणपत्र में फोर्ब्स की 30 अंडर 30 (2026) सूची में उनकी उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया है।
लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से जुड़े चर्चित नामों में पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी, महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, लोकसभा सांसद उदयनराजे भोंसले, न्यूक्लियर साइंटिस्ट बल्ला रामकृष्णा और एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ कराड सहित कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हैं।
डॉ. फरमान हसन खान का कहना है कि समाज में वास्तविक बदलाव तभी आएगा, जब गरीब को समय पर इलाज और जरूरतमंद युवा को आगे बढ़ने का समान अवसर मिलेगा। उनकी कोशिश है कि पैसों की कमी के कारण किसी मरीज का उपचार न रुके और किसी प्रतिभाशाली विद्यार्थी को अपनी पढ़ाई बीच में न छोड़नी पड़े।
डॉ. फरमान हसन खान को इससे पहले भी विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। वर्ष 2023 में उन्हें भारत गौरव रत्न सम्मान मिला था। इसके अलावा टीबी-मुक्त अभियान में योगदान के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, महिला अधिकारों के क्षेत्र में राष्ट्रीय महिला आयोग और मानवाधिकार से जुड़े कार्यों के लिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की ओर से भी उनके प्रयासों की सराहना की गई है।
कर्नाटक की भारत यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टरेट और वर्ल्ड ह्यूमन राइट्स प्रोटेक्शन कमिशन की ओर से वर्ल्ड पीस एम्बेसडर की उपाधि भी उनकी उपलब्धियों में शामिल है।
अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिलने की जानकारी पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस मौके पर सूफी अबरार नूरी, मोहम्मद आदिल, अजीम एसएस,फैज़ रज़ा,जुबैर रज़ा,जावेद अब्बासी,मोहम्मद शारिक रज़ा,मोहम्मद हसन रज़ा,मोहम्मद हसीन रज़ा,कारी फैज़ान अशरफ,कारी जफर बरकाती आदि मौजूद रहे।

रिपोर्टर : अब्दुल वाजिद

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.