डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित
बरही : डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से विद्यार्थियों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में "साइबर सुरक्षा एवं ऑनलाइन सुरक्षा जागरूकता" विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने साइबर सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सुरक्षित पासवर्ड बनाने, फिशिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक की पहचान, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को इंटरनेट के सुरक्षित, जिम्मेदार और नैतिक उपयोग के लिए भी प्रेरित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल साक्षरता के साथ-साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। विद्यार्थियों से उन्होंने अपील की कि कार्यशाला में प्राप्त जानकारी को अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग साइबर अपराधों से सुरक्षित रह सकें। कार्यशाला के समापन पर विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी सिद्ध हुई।
रिपोर्टर : अमित सिंह
No Previous Comments found.