डीएवी पब्लिक स्कूल बरही में नन्हे-मुन्नों ने धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी

बरही। डीएवी पब्लिक स्कूल, बरही में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर कक्षा एलकेजी से द्वितीय तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग एवं मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-मूल्यों से परिचित कराना था। जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चे राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में सजकर विद्यालय पहुंचे। नन्हे विद्यार्थियों की मनमोहक छवि ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित नृत्य, गीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दही-हांडी रहा। नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ दही-हांडी कार्यक्रम में भाग लिया। सामूहिक प्रयास और सहयोग के माध्यम से बच्चों ने टीम भावना का सुंदर परिचय दिया। बच्चों के उत्साह, उमंग और कृष्ण भक्ति से पूरा विद्यालय परिसर कृष्णमय हो उठा। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य पुष्प कुमार झा ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें संस्कार, सहयोग और आपसी सद्भाव की भावना विकसित करते हैं।

कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में हुआ। जन्माष्टमी का यह आयोजन बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को करीब से समझने का सुंदर अवसर बना।

 रिपोर्टर - अमित सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.