फेसबुक पर महिला की तस्वीर से आपत्तिजनक वीडियो बनाने और वायरल करने का आरोप, पुलिस से न्याय की गुहार
बरही : सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक मामला बरही थाना क्षेत्र के कटियौन गांव से सामने आया है। यहां एक महिला ने गांव के ही युवक पर उसकी तस्वीर का इस्तेमाल कर आपत्तिजनक गाने के साथ वीडियो तैयार करने और उसे फेसबुक पर वायरल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस मामले में बरही थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना 28 अगस्त 2026 की सुबह करीब 9 बजे की बताई गई है। महिला का आरोप है कि गांव के रौशन सिंह ने अपने फेसबुक पेज पर उसकी तस्वीर के साथ आपत्तिजनक गाना जोड़कर एक वीडियो अपलोड किया। इसकी जानकारी महिला को सुबह करीब 11:30 बजे मिली। इसके बाद जब उन्होंने आरोपी से इस संबंध में जवाब मांगा तो कथित रूप से उनके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की धमकी दी गई।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उक्त वीडियो को गांव के अन्य लोगों को भी सुनाया और दिखाया जा रहा है। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है और उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। महिला ने यह भी दावा किया है कि आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों के साथ पूर्व में भी विवाद होता रहा है तथा उन्हें बदनाम करने की धमकियां दी जाती रही हैं। स्क्रीन रिकॉर्डिंग को बनाया साक्ष्य महिला के अनुसार, फेसबुक पर अपलोड किए गए कथित आपत्तिजनक वीडियो की स्क्रीन रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे उन्होंने साक्ष्य के तौर पर उपलब्ध कराने की बात कही है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है। सोशल मीडिया पर किसी की तस्वीर और प्रतिष्ठा से खिलवाड़ का आरोप गंभीर मामला है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं और पीड़िता को कब न्याय मिल पाता है।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.