बरही में छठ महापर्व पर भक्ति और आस्था का दिखा अद्भुत संगम
बरही (हजारीबाग) : लोक आस्था, पवित्रता, त्याग और सूर्य उपासना का महापर्व छठ बरही प्रखंड में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ। इस दौरान शहरी क्षेत्र से लेकर गांवों तक के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। चारों ओर छठी मइया के गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बरही नदी घाट पर पहली बार भव्य महागंगा आरती ने बांधा समां
छठ महापर्व के अवसर पर बरही नदी स्थित सूर्य मंदिर प्राचीन छठ घाट (बरहीडीह) पर प्रथम बार रविवार संध्या अर्घ्य से पूर्व भव्य महागंगा आरती का आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बनारस से पहुंचे पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और घंटियों की गूंज के बीच विधि-विधान से मां गंगा की आरती उतारी। सैकड़ों दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाट पर पहुंचे।
आयोजन में बरही विधायक मनोज कुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मां गंगा से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। घाट पर उमड़ी भीड़ और भक्तों की अटूट आस्था ने बरही में छठ महापर्व की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को एक अलग पहचान दी।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
36 घंटे के निर्जला उपवास के बाद सोमवार अहले सुबह करीब चार बजे से ही छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं का घाटों पर पहुंचना शुरू हो गया था। व्रतियों ने नदी, तालाब एवं विभिन्न जलाशयों में स्नान कर जल में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना की। सुबह करीब 6:15 बजे सूर्यदेव के दर्शन होते ही श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ अर्घ्य अर्पित किया।
इसके बाद धूप-दीप जलाकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। व्रतियों ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। अर्घ्य के पश्चात घरों में पारण किया गया और परिवारजनों तथा शुभचिंतकों के बीच छठ का प्रसाद वितरित किया गया।
गांव-गांव में दिखा छठ का उत्साह, आकर्षक ढंग से सजाए गए घाट
बरही प्रखंड के करियादपुर, बरसोत, कोरियाडीह, औरपरता, डपोक, गरजामू, गुड़ियों, बिजैया, गोरियाकर्म, बेलादोहर सहित विभिन्न पंचायतों और गांवों में छठ महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं के सहयोग से घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और सजावट की विशेष व्यवस्था की गई थी। चार दिनों तक पूरा क्षेत्र छठी मइया के भक्ति गीतों और जयकारों से गूंजता रहा।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से शांतिपूर्ण संपन्न हुआ महापर्व
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। बरही एसडीओ जोहन टुडू, एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर, थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव, अंचल अधिकारी चंद्रशेखर कुणाल एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी जयपाल महतो सहित प्रशासनिक टीम ने विभिन्न छठ घाटों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया।
वहीं, पंचायतों के मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने भी घाटों की सफाई, सजावट तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सराहनीय योगदान दिया।
कुल मिलाकर बरही में छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक एकता, सहयोग, समर्पण और भाईचारे की मिसाल भी पेश कर गया। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ संपन्न हुए इस महापर्व ने एक बार फिर लोक आस्था और प्रकृति के प्रति श्रद्धा की गहरी परंपरा को जीवंत कर दिया।
रिपोर्टर : राहुल राणा

No Previous Comments found.