जगदलपुर में सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहराकर दहशत फैलाने वाला बदमाश गिरफ्तार
जगदलपुर (बस्तर) : शहर में गुंडागर्दी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बस्तर पुलिस ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। थाना बोधघाट क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर आमजन में दहशत फैलाने और मारपीट करने वाले एक शातिर युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त कर लिया गया है।
नशा करने से मना करने पर ऑटो चालक पर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुरसो सोना (निवासी कुम्हारपारा) ने 10 सितंबर 2026 को बोधघाट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। प्रार्थी के अनुसार, उसके ऑटो के पीछे कुम्हारपारा गुरु घासीदास वार्ड निवासी रोनित बघेल उर्फ खरगोश नशा कर रहा था। जब प्रार्थी ने उसे सार्वजनिक स्थान पर नशा करने से मना किया, तो आरोपी आवेश में आ गया। उसने मां-बहन की गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और बांस के डंडे से प्रार्थी पर हमला कर चोट पहुंचाई। इसके बाद आरोपी ने अपनी जेब से धारदार चाकू निकालकर खुलेआम लहराते हुए धमकाया कि "तू मुझे नशा करने से मना करने वाला कौन होता है।"
आरोपी का विवरण:
नाम: रोनित बघेल उर्फ खरगोश
पिता: लखीराम बघेल
उम्र: 20 वर्ष
निवासी: कुम्हारपारा, गुरु घासीदास वार्ड, जगदलपुर
पुलिस की त्वरित घेराबंदी और न्यायिक रिमांड
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी रोनित उर्फ खरगोश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
सराहनीय भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी:
निरीक्षक: टामेश्वर चौहान (थाना प्रभारी, बोधघाट)
उपनिरीक्षक: लोकेश्वर नाग
सहायक उपनिरीक्षक: दिनेश उसेंडी
प्रधान आरक्षक: मयाराम कश्यप
आरक्षक: होरी लाल आर्मो
रिपोर्टर : विवेक सोनवानी
No Previous Comments found.