विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विकास भवन में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित
बस्ती - 14 अगस्त 2026.,विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर विकास भवन में गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि गौ सेवा आयोग उ0प्र0, उपाध्यक्ष महेश शुक्ला द्वारा की गई। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों तथा विस्थापन और अमानवीय परिस्थितियों का सामना करने वाले परिवारों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान भारत विभाजन की विभीषिका, उससे उत्पन्न परिस्थितियों, व्यापक स्तर पर हुए विस्थापन तथा उस दौर में लोगों द्वारा झेली गई पीड़ा एवं संघर्ष पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से विभाजन के समय की घटनाओं एवं उसके सामाजिक प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं नागरिकों ने डॉक्यूमेंट्री को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ देखा तथा विभाजन की त्रासदी से प्रभावित लोगों के प्रति अपनी श्रद्धा एवं संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर श्री शुक्ला ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें देश के इतिहास के उस अत्यंत पीड़ादायक अध्याय को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों को अपना घर, परिवार, संपत्ति और मातृभूमि छोड़कर विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। अनेक परिवारों ने कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए अपने जीवन को पुनः व्यवस्थित किया। यह दिवस उन सभी लोगों के संघर्ष, त्याग, धैर्य एवं बलिदान को नमन करने का अवसर है।
उन्होंने ने कहा कि इतिहास को याद करने का उद्देश्य केवल अतीत की पीड़ा को स्मरण करना नहीं, बल्कि उससे सीख लेकर वर्तमान और भविष्य को बेहतर बनाना भी है। हमें समाज में आपसी भाईचारे, प्रेम, सद्भाव, सहिष्णुता एवं एकता की भावना को निरंतर मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी को मिल-जुलकर राष्ट्रहित में कार्य करते हुए सामाजिक सौहार्द एवं शांति का वातावरण बनाए रखना चाहिए।
इस अवसर पर सभी से अपील की गई कि वे अपने-अपने घरों के ऊपर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराएं तथा राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा, सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रदर्शित करें। उपस्थित नागरिकों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता तथा सामाजिक समरसता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस अवसर संभ्रांत नागरिक सरदार जगवीर सिंह, प्रभुप्रीत सिंह, ज्ञानी प्रदीप सिंह, नरेश सडाना, सरदार कुलदीप, श्रीमती सविता, राजेन्द्र सिंह, तेजपाल सिंह सहित अन्य लागो ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का सम्पान दो मिनट का मौन रखकर तथा कैंडल मार्च निकाल कर किया गया
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव , पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, जिला पंचायतराज अधिकारी घनश्याम अधिकारी,जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी विकास नरायण सहित संबंधित अधिकारी, संभ्रांत नागरिक एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका मानवी सिंह ने किया।
रिपोर्टर - विकास चौधरी
No Previous Comments found.