चोरों का काल बना रहस्यमयी शख्स! खंभे से बांधकर हो जाता है गायब, कौन है ये ‘सीक्रेट बैटमैन’?
मैक्सिको के एक शहर में इन दिनों एक अजीबोगरीब मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें बाइक चोरी के आरोपियों को खंभों से बंधा हुआ देखा जा सकता है। इन घटनाओं के पीछे एक अनजान शख्स का नाम सामने आ रहा है, जिसे लोग मजाकिया अंदाज में ‘मैक्सिकन बैटमैन’ कहने लगे हैं।
मामला मैक्सिको के जलिस्को राज्य के लागोस डी मोरेनो शहर का बताया जा रहा है। यहां पिछले कुछ समय से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को लेकर लोग परेशान थे। इसी बीच एक रहस्यमयी व्यक्ति ने खुद ही चोरों को पकड़ने का दावा करते हुए उन्हें सबक सिखाने का तरीका अपना लिया।
स्थानीय रिपोर्ट्स के अनुसार, कई लोगों को सड़क किनारे बिजली के खंभों से डक्ट टेप से बांधा हुआ पाया गया। उनके मुंह भी टेप से बंद थे और चेहरे पर काले मार्कर से स्पेनिश में ‘चोर’ लिखा हुआ था। कुछ मामलों में चेहरे पर अजीब निशान बनाए गए, जिन्हें लोग उस शख्स की पहचान का तरीका मान रहे हैं।
इस रहस्यमयी व्यक्ति का तरीका हर बार लगभग एक जैसा बताया जा रहा है। वह कथित तौर पर आरोपियों के ऊपर एक बोर्ड लगाता है, जिसमें उन पर बाइक चोरी करने का आरोप लिखा होता है। हैरानी की बात यह है कि जिन मोटरसाइकिलों को चोरी का बताया गया, वे भी आसपास खड़ी मिलती हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स ने इस अनजान शख्स को ‘डार्क नाइट’ और ‘मैक्सिकन बैटमैन’ जैसे नाम दे दिए हैं। हालांकि, पुलिस इस मामले को अलग नजरिए से देख रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, खंभों से बंधे मिले लोगों को फिलहाल पीड़ित माना जा रहा है और उन्हें छुड़ाकर इलाज के लिए भेजा गया है। अब जांच की जा रही है कि आखिर इन लोगों को बांधने वाला कौन है और वह खुद को न्याय दिलाने वाला क्यों समझ रहा है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि तस्वीरों में दिख रहा यह रहस्यमयी ‘बैटमैन’ आखिर कौन है? क्या वह सच में चोरी रोकने की कोशिश कर रहा है या फिर इसके पीछे कोई और कहानी छिपी है? जांच के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठ पाएगा।
No Previous Comments found.