घर में रखी इन देसी चीजों में छुपा है खूबसूरती का राज, महंगे प्रोडक्ट्स की नहीं पड़ेगी जरूरत

आज के समय में बाजार फेस सीरम, क्रीम, फेस वॉश और महंगे हेयर प्रोडक्ट्स से भरा पड़ा है। बावजूद इसके, त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। वहीं पुराने दौर में इतने ब्यूटी प्रोडक्ट्स नहीं थे, फिर भी लोगों की स्किन दमकती थी और बाल मजबूत बने रहते थे। इसकी बड़ी वजह थी प्राकृतिक चीजों का इस्तेमाल और संतुलित जीवनशैली। आइए जानते हैं ऐसे पारंपरिक ब्यूटी उपायों के बारे में, जो आज भी उतने ही असरदार माने जाते हैं।

उबटन: त्वचा की प्राकृतिक देखभाल

पहले के समय में बॉडी पॉलिशिंग या स्किन ट्रीटमेंट की जगह उबटन का इस्तेमाल किया जाता था। बेसन, हल्दी, चंदन और तेल जैसी चीजों से तैयार उबटन त्वचा से गंदगी हटाने, टैन कम करने और डेड स्किन साफ करने में मदद करता है। इसे चेहरे के साथ पूरे शरीर पर लगाया जा सकता है, जिससे त्वचा मुलायम और निखरी हुई दिखती है।

मुल्तानी मिट्टी: स्किन और बाल दोनों के लिए फायदेमंद

मुल्तानी मिट्टी का उपयोग सदियों से सौंदर्य देखभाल में किया जाता रहा है। गर्मियों में होने वाली घमौरियां, रैशेज और अतिरिक्त तेल को कम करने में यह काफी मददगार मानी जाती है। पुराने समय में लोग इससे बाल भी साफ किया करते थे, क्योंकि यह स्कैल्प की अच्छी तरह सफाई करती है।

नीम: त्वचा की समस्याओं का देसी इलाज

नीम अपने एंटीबैक्टीरियल और औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है। चेहरे पर मुंहासे, दाने या फोड़े-फुंसियां होने पर नीम की पत्तियों का लेप लगाया जाता था। इसके अलावा नीम की छाल और फल भी त्वचा के दाग-धब्बे कम करने में उपयोगी माने जाते हैं। नीम के पानी से स्नान करना भी त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।

नारियल तेल: प्राकृतिक मॉइस्चराइजर

पहले लोग अलग-अलग मॉइस्चराइजर की जगह नारियल तेल का इस्तेमाल करते थे। यह त्वचा को गहराई से नमी देने के साथ पोषण भी देता है। खासकर रूखी त्वचा और बेजान बालों के लिए नारियल तेल बेहद लाभकारी माना जाता है।

मेहंदी: ठंडक और हेयर केयर दोनों

मेहंदी सिर्फ श्रृंगार का हिस्सा नहीं थी, बल्कि इसका उपयोग ठंडक पहुंचाने के लिए भी किया जाता था। गर्मियों में हाथ-पैरों में जलन होने पर लोग मेहंदी का लेप लगाते थे। वहीं बालों में मेहंदी लगाने से प्राकृतिक रंग के साथ-साथ बालों को मजबूती और चमक भी मिलती है।

रीठा: नेचुरल हेयर क्लींजर

आज भले ही बाजार में कई तरह के शैंपू मौजूद हों, लेकिन बाल झड़ने की समस्या आम है। पुराने समय में लोग बाल धोने के लिए रीठा इस्तेमाल करते थे। यह स्कैल्प और बालों की गहराई से सफाई करता है और केमिकल वाले प्रोडक्ट्स की तरह नुकसान भी नहीं पहुंचाता।

शिकाकाई और आंवला: बालों की मजबूती का पारंपरिक राज

शिकाकाई और आंवला लंबे समय से बालों की देखभाल में इस्तेमाल होते आए हैं। सूखे आंवला और शिकाकाई को भिगोकर तैयार किया गया लेप बालों में लगाने से बाल मजबूत, घने और काले बने रहते हैं। ये प्राकृतिक तरीके आज भी हेयर केयर में बेहद लोकप्रिय हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.