साठी में मां-बेटी लापता, थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
बिहार : साठी (पश्चिम चंपारण): थाना क्षेत्र के कटहरी मुरली गांव से एक महिला और उसकी 5 वर्ष की बेटी के लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में लापता महिला के पिता अमीन अंसारी ने साठी थाना में आवेदन देकर बेटी और नातिन की बरामदगी की गुहार लगाई है। दिए गए आवेदन में अमीन अंसारी ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी करीब 7 वर्ष पूर्व रामनगर थाना क्षेत्र के मेघवल मठिया निवासी साबिर अंसारी के साथ धूमधाम से की थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था। उनकी बेटी की एक 5 साल की बच्ची भी है। लगभग तीन महीने पहले उनकी बेटी अपनी बच्ची के साथ मायके आई थी और तभी से उनके साथ ही रह रही थी। उन्होंने बताया कि दिनांक 09 मार्च 2026 को उनकी बेटी बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी और अपने साथ अपनी 5 साल की बच्ची को भी ले गई। बाजार से सामान खरीदने के लिए उसने अपने पति से ₹2000 भी मांगे थे। लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार वालों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन मां-बेटी का कहीं कोई पता नहीं चल सका। परिजनों के अनुसार महिला के पास जो मोबाइल फोन था, वह भी अब बंद बता रहा है। इस संबंध में साठी थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जल्द ही मां-बेटी का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्टर : विनोद कुमार
No Previous Comments found.