पश्चिमी चंपारण में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त-व्यस्त, अलाव व कंबल की व्यवस्था नदारद : गंगा वर्मा
बेतिया - साठी भाकपा जिला नेता सह नरकटियागंज अनुमंडल प्रभारी सुनील कुमार वर्मा उर्फ गंगा वर्मा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि उन्होंने पश्चिमी चंपारण के जिला पदाधिकारी एवं बिहार सरकार की प्रभारी मंत्री को पत्र लिखकर जिले में बढ़ती कड़ाके की ठंड से उत्पन्न गंभीर स्थिति से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी चंपारण जिला अंतर्गत कुल 18 प्रखंड हैं, जिनमें सुदूर ग्रामीण एवं नेपाल सीमा से सटे क्षेत्रों में ठंड का प्रकोप अत्यधिक बढ़ गया है। विशेषकर बाल्मीकि नगर, सिकटा, बगहा, ठकराहा,मधुबनी,गौनाहा,सहोदर,मैनाटांड, लौरिया सहित कई इलाकों में पहाड़ी नदियों से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण गरीब एवं असहाय लोगों की स्थिति दयनीय हो गई है। गंगा वर्मा ने आरोप लगाया कि इस भीषण ठंड के बावजूद किसी भी क्षेत्र में समुचित मात्रा में अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। मंदिर, मस्जिद, स्कूल-कॉलेज, बाजार, आंगनबाड़ी केंद्र, चौक-चौराहों जैसे सार्वजनिक एवं सामुदायिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था होनी चाहिए थी, लेकिन कहीं भी यह देखने को नहीं मिल रही है।
उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड से गरीब,असहाय महिला-पुरुष,बुजुर्ग एवं बच्चे सबसे अधिक प्रभावित हैं, कई जगहों पर लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो रही है। इसके बावजूद सरकार और जिला प्रशासन मौन साधे हुए है। भाकपा नेता ने मांग की कि तीरवाह,थरुहट,दियार जैसे अति पिछड़े क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर कंबल एवं गर्म कपड़ों का तत्काल वितरण किया जाए। साथ ही,राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारी (CO) एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) को सतर्क रहने एवं निरंतर निरीक्षण करने का निर्देश दिया जाए, ताकि आम जनता को इस कड़ाके की ठंड से राहत मिल सके।
रिपोर्टर - विनोद कुमार
No Previous Comments found.