नए साल पर शराब कारोबारियों पर साठी पुलिस का शिकंजा
बेतिया : नए साल के जश्न को लेकर जहां अवैध शराब कारोबारियों की गतिविधियां तेज हो गई हैं, वहीं साठी पुलिस ने उनके मंसूबों पर करारा प्रहार किया है। थानाध्यक्ष राजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
मंगलवार की रात गठित विशेष टीम में दरोगा अमरजीत कुमार, नितीश कुमार, चंद्रशेखर यादव, चौकीदार एवं सशस्त्र बल शामिल थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के गुलाब नगर में छापेमारी कर 25 लीटर चुलाई शराब के साथ शराब कारोबारी दिनेश महतो को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान अन्य कारोबारी और पियक्कड़ अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
इसके बाद बुधवार की सुबह पुलिस ने पुनः गुलाब नगर में छापेमारी कर लगभग 200 लीटर कच्ची शराब को मौके पर ही विनष्ट किया। थानाध्यक्ष राजन कुमार ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि दोबारा अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों को सीधे जेल भेजा जाएगा तथा उन्हें किसी भी सरकारी योजना या सुविधा का लाभ नहीं दिया जाएगा।
इसके अलावा थाना क्षेत्र के अन्य इलाकों में भी पुलिस द्वारा छापेमारी अभियान चलाया गया, जिससे शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। इसी क्रम में वर्षों से फरार चल रहे वारंटी बिकाऊ साह, निवासी दनियाल परसौना, को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
रिपोर्टर : विनोद कुमार


No Previous Comments found.