दहेज के लिए विवाहिता की हत्या, शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश
बेतिया : थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या कर शव को जला देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
इस संबंध में पूर्वी चंपारण जिला के पहाड़पुर थाना क्षेत्र के गंगा पिपरा गांव निवासी मृतका सुनीता देवी (उम्र 24 वर्ष) की मां उषा देवी ने साठी थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 में उन्होंने अपनी पुत्री की शादी बसंतपुर निवासी मंसी राम (पिता स्व. भोलाराम) के साथ की थी।
मृतका की मां के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे। पिछले एक वर्ष से मारपीट की घटनाएं बढ़ गई थीं। 19 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि उनकी पुत्री की हत्या कर शव को जला दिया गया है।
सूचना मिलने पर जब उन्होंने अपनी बेटी के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, तो बात नहीं हो सकी। इसके बाद वह अपने परिजनों के साथ बसंतपुर पहुंचीं, जहां घर पर ताला लटका मिला और कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था।
इस मामले में मृतका की मां ने सास, ससुर, देवर और गोतनी सहित पांच लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और रातभर बसंतपुर बेलवा टोला के जंगल में शव की तलाश की। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने शव को सिकरहना नदी के किनारे ले जाकर सबूत छुपाने की नीयत से जला दिया था।
शुक्रवार को फोरेंसिक टीम के साथ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जले हुए अवशेषों को एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्टर : विनोद कुमार

No Previous Comments found.