सिकरहना पुल के नीचे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी
बेतिया : साठी-बेतिया मुख्य मार्ग स्थित चनपटिया के पास सिकरहना नदी पर बने पुल के नीचे शुक्रवार की सुबह करीब 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने जब शव देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को पुल के नीचे फेंक दिया गया है।
मृतक के गले में उजले रंग का माला था तथा दाहिने हाथ में कालावा बंधा हुआ था। वह उजले रंग की गंजी, हरे-उजले रंग का चमकदार शॉर्ट्स, लाल रंग का कच्छा और मटमैले रंग का लोअर पहने हुए था। युवक की नाक आंशिक रूप से कटी हुई थी और सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और प्रबल हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया के माध्यम से पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बेतिया भेज दिया है।
खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी, जबकि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्टर : विनोद कुमार

No Previous Comments found.