कटहरी में प्रशांत किशोर का संबोधन, विकास और राजनीतिक बदलाव पर दिया जोर

बिहार साठी (प. चंपारण)- जन सुराज अभियान के सूत्रधार प्रशांत किशोर शुक्रवार की रात साठी थाना क्षेत्र के कटहरी गांव पहुंचे, जहां जन सुराज के नरकटियागंज विधानसभा क्षेत्र के नेता डॉ. वसीउल्लाह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को संबोधित किया। उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में समर्थक एवं स्थानीय लोग जुट गए और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।

अपने संबोधन में प्रशांत किशोर ने बिहार की वर्तमान राजनीति, सामाजिक एकता और विकास के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य की राजनीति को जाति और धर्म की सीमाओं से बाहर निकालकर शिक्षा, रोजगार और विकास के मुद्दों पर केंद्रित करने की आवश्यकता है। उन्होंने दावा किया कि बिहार में राजनीतिक परिवर्तन की जरूरत है और जन सुराज उसी दिशा में कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों को आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए अपने अधिकारों और विकास के लिए जागरूक होना होगा। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अब नई राजनीति की ओर देख रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. वसीउल्लाह ने कहा कि बिहार के समग्र विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य स्वच्छ राजनीति और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना है। उन्होंने लोगों से पार्टी की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य आफाक अहमद, बिहार सरकार के सेवानिवृत्त मुख्य सचिव अजय द्विवेदी, किशोर कुमार उर्फ मुन्ना जी समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में जिला पार्षद कलीम गफ्फार, इमदादुल्लाह, सत्येंद्र राव, शौकत अली, विक्रमा ठाकुर, मोहम्मद उमर, शेख खालिद, सनी दुबे सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
वहीं कार्यक्रम के बाद पत्रकारों द्वारा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रशांत किशोर ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और इस विषय पर टिप्पणी करने से बचते नजर आए।

संवाददाता - विनोद कुमार

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.