मोहर्रम को लेकर साठी थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित
बेतिया : आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से साठी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष राजन कुमार ने की। बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लेकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने पर चर्चा की। थानाध्यक्ष राजन कुमार ने उपस्थित लोगों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले सभी जुलूस निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही निकाले जाएंगे।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने, अफवाह फैलाने अथवा माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की कि यदि कोई असामाजिक तत्व किसी तरह की अप्रिय गतिविधि करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में बताया गया कि जुलूस के दौरान अश्लील गीत-संगीत बजाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। किसी भी स्थिति में डीजे के प्रयोग की अनुमति नहीं होगी। बिना लाइसेंस के किसी भी जुलूस के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा तथा लाइसेंस में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही जुलूस निकाला जाएगा। सभी जुलूसों के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल तैनात रहेंगे ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।
बैठक में अपर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार, दारोगा अमरजीत कुमार, पीएसआई शमीर कुशवाहा, रोहित कुमार शाही सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं जनप्रतिनिधियों में जिला पार्षद कलीम गफ्फार, मुखिया प्रभात बैठा, सत्येंद्र तिवारी, शौकत अली, मेराजुद्दीन, सैयद सलमा खातून, जुल्फिकार बैठा, शेख बैदुल्लाह, उमेश राव, शोएब कमाल, यासीन खान, शेख मिस्टर सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर : विनोद कुमार
No Previous Comments found.