बकाया भुगतान के बदले सचिव मांग रहा था रिश्वत, 15 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण) : नरकटियागंज प्रखंड की मलदहिया पंचायत में बुधवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए निगरानी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि पंचायत में कराए गए मरम्मती कार्य के करीब 78 हजार रुपये के लंबित भुगतान के एवज में सचिव द्वारा शिकायतकर्ता से 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।

जानकारी के अनुसार, मलदहिया पंचायत निवासी परवेज कौशर ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पंचायत में कराए गए मरम्मती कार्य की माप पुस्तिका (एमबी) तैयार होने के बावजूद करीब 78 हजार रुपये का भुगतान लंबे समय से लंबित था। भुगतान कराने के बदले पंचायत सचिव द्वारा 28 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी।
कार्यालय के चक्कर लगाने के बाद भी नहीं हुआ भुगतान
शिकायतकर्ता का आरोप था कि भुगतान के लिए वह कई बार पंचायत कार्यालय का चक्कर लगा चुका था, लेकिन राशि का भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि सचिव ने रिश्वत दिए बिना बिल का भुगतान करने से इनकार कर दिया। बाद में दोनों के बीच पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये देने पर सहमति बनी।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की लिखित शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने मामले को सही पाते हुए कार्रवाई की योजना बनाई।
15 हजार रुपये लेते ही निगरानी टीम ने दबोचा
तय योजना के अनुसार बुधवार को शिकायतकर्ता पंचायत शिविर पहुंचा। जैसे ही उसने पंचायत सचिव शंकर प्रसाद को 15 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सचिव को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
अचानक हुई कार्रवाई से पंचायत शिविर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी पंचायत सचिव को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। निगरानी विभाग द्वारा रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। आरोपी सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : विनोद कुमार 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.