नेहरू वार्ड में सड़क निर्माण कार्य शुरू, नगर पालिका टीम ने किया निरीक्षण

बेतुल : नेहरू वार्ड में लगभग 30 वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। नगर पालिका की अधो–संरचना विकास योजना के तहत वार्ड में नई सड़कों के निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में वार्ड में पहली सड़क का निर्माण कार्य 3.20 मीटर चौड़ाई और 80 मीटर लंबाई के साथ प्रारम्भ किया गया है। लंबे समय से सड़क सुविधा के अभाव में परेशान रहे स्थानीय नागरिकों में विकास कार्य की शुरुआत को लेकर उत्साह और संतोष देखा जा रहा है।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति का निरीक्षण करने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा गड़ेकर, नेहरू वार्ड के पार्षद रीतेश विश्वकर्मा, नगर पालिका इंजीनियर, CMO तथा विभागीय अधिकारियों की टीम मौके पर पहुँची। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष गड़ेकर ने कार्यस्थल की स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन करते हुए निर्देश दिए कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन शहर के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।

पार्षद रीतेश विश्वकर्मा ने बताया कि नेहरू वार्ड में पिछले तीन दशकों से सड़क निर्माण कार्य नहीं हुआ था, जिसके कारण क्षेत्र में आवागमन लगातार प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में वार्ड में कुल 7 सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है, जिनमें से पहला कार्य शुरू कर दिया गया है। पार्षद ने आश्वस्त किया कि सभी कार्यों की निगरानी नियमित रूप से की जाएगी, ताकि वार्डवासियों को बेहतर और टिकाऊ सड़कें उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के पार्षद अज्जू यादव और शिल्पा शर्मा भी मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहल से नेहरू वार्ड का स्वरूप बदलेगा और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान होगा।

नगर पालिका प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है और नेहरू वार्ड में शुरू हुआ यह कार्य आने वाले दिनों में अन्य वार्डों के लिए भी प्रेरणादायक रहेगा।

रिपोर्टर : पियूष  शर्मा 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.