29वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव में बैतूल जिले से चयनित प्रतिभागियों का पुलिस अधीक्षक बैतूल ने किया उत्साहवर्धन
मध्य प्रदेश : शासन खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा प्रदेशभर के युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने हेतु आयोजित 29वां युवा महोत्सव दिनांक 17 एवं 18 नवंबर 2025 को भोपाल स्थित रविन्द्र भवन में संपन्न हुआ। उक्त राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नर्मदापुरम संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए जिला बैतूल के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित कीं।
जिला बैतूल की प्रतिभावान छात्रा कु. प्रतिष्ठा सिंह ठाकुर को उनके विज्ञान मॉडल “पोर्टेबल पावर स्टेशन एवं आपदा प्रबंधन” के लिए राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान, तथा कु. वैशाली नरवरे को कविता लेखन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेंद्र जैन द्वारा राज्य स्तर पर चयनित इन प्रतिभागियों से आज मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। इस दौरान कु. प्रतिष्ठा सिंह ठाकुर ने अपने विज्ञान मॉडल के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षक श्री नीतिश भार्गव ने पुलिस अधीक्षक महोदय को अवगत कराया कि उनके मार्गदर्शन में जिले के बच्चों के मॉडल प्रदेश स्तर पर चयनित हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन ने दोनों छात्राओं सहित समस्त प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि—
“जिला बैतूल की प्रतिभाओं को राज्य स्तर पर पहचान मिलना हम सभी के लिए गर्व का विषय है। खेल, कला, साहित्य और विज्ञान से जुड़ी गतिविधियाँ न केवल व्यक्तित्व विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करती हैं। छात्रों को उच्च स्तर पर बेहतर प्रदर्शन हेतु सभी आवश्यक सुविधाएँ प्रदान करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि खेल एवं रचनात्मक गतिविधियाँ शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और युवा पीढ़ी को इन क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अनेक अवसर उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर जिला खेल एवं युवक कल्याण अधिकारी श्रीमती पूजा कुरील, प्रशिक्षक श्री तपेश साहू, युवा समन्वयक श्री रामनारायण शुक्ला, श्री मनीष शर्मा एवं शिक्षक श्री नीतिश भार्गव उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : पियूष शर्मा

No Previous Comments found.