बहेड़ी पंचायत में 2.50 करोड़ की लागत से 33/11 केवी उपकेंद्र का भूमि पूजन

बेतुल : क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज 20 मार्च 2026 को ग्राम बहेड़ी, पंचायत जमदेहीकला में प्रणाली सुदृढ़ीकरण (SSTD) योजना के अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्र के निर्माण हेतु भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस उपकेंद्र का निर्माण लगभग 2.50 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा तथा इसकी क्षमता 5 एमवीए निर्धारित की गई है। उपकेंद्र के निर्माण के बाद क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
प्रस्तावित उपकेंद्र से तीन कृषि फीडर एवं एक घरेलू फीडर के माध्यम से बहेड़ी, बारंगवाड़ी, मांगरा, कोठिया, चिखलार, नरेरा, मुबारिया, सरेकाढोल, मोहनढाना, गजाढाना, भुरकालढाना, रेंगाढाना और जमदेहीकला सहित आसपास के कई ग्रामों को विद्युत आपूर्ति की जाएगी।
इस योजना से क्षेत्र के लगभग 2061 कृषि एवं घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध और पर्याप्त वोल्टेज के साथ बिजली उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही, इस उपकेंद्र के शुरू होने से जमदेही एवं देहलवाड़ा उपकेंद्र पर पड़ने वाला अतिरिक्त भार भी कम होगा, जिससे उन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
कार्यक्रम में आमला विधानसभा के माननीय विधायक, जनप्रतिनिधि एवं विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से दीपक भुसारे, उपमहाप्रबंधक अभय गोप, गोविंद डोंगरे, आर.के. चलोत्रे (प्रबंधक), संतोष चंदेल, सृजन, दीप बरेले (सहायक प्रबंधक) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि उपकेंद्र के निर्माण से क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं का समाधान होगा और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिल सकेगी, जिससे कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी।

रिपोर्टर : दिलीप चौकीकर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.