आग लगने से तीन एकड़ की गेंहू कि फसल जल कर खाक

खेड़ली बाजार : ग्राम कुजबा में आग लगने से गेहूं की खड़ी फसल जल कर खाक हो गई। ग्राम वासियों तथा आस-पास के किसानों ने काफी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। स्थानीय किसानों के मोटर पंप चलाकर आग बुझाई गई लेकिन फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। पीड़ित किसान प्रयागराव कामतकर ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर में उनके खेत में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से चिंगारी हुई तथा नीचे गिरी जिससे गेहूं की पककर तैयार फसल जलने लगी। जब तक हम आग बुझाने पंहुचते तब तक काफी फसल जल चुकी थी। आग पर काबू पाते पाते लगभग तीन एकड़ कि पूरी फसल जल गई। समय रहते आग बुझा दी गई अन्यथा आसपास के किसानों के खेतों में भी आग अपना प्रचंड रूप दिखा सकती थी।

नहीं मिली फायर ब्रिगेड की सुविधा

कुजबा के सामाजिक कार्यकर्ता चन्द्रभान वागद्रे, दिनेश चिल्हाटे ने बताया कि ग्राम के कृषक प्रयागराव कामतकर के खेत में लगभग तीन एकड़ की गेहूं की फसल में आग लग गई है, किसान से मिली जानकारी के अनुसार विद्युत ट्रांसफार्मर में चिंगारी उत्पन्न होने से आग लगना बताया जा रहा है। किसान द्वारा पटवारी एवं थाना बोरदेही को इसकी सूचना दी जा चुकी है। उन्होंने आगे बताया कि मुलताई एवं आमला फायर ब्रिगेड से संपर्क करना चाहा लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। आसपास के किसानों के मोटर पंप से पानी चला कर आग पर काबू पाया गया है नहीं तो आसपास के किसानों के खेतों में भी आग लग जाती। किसान को तीन एकड़ की पूरी फसल जलने पर लगभग एक लाख पचास हजार रुपए से अधिक का नुकसान होना बताया जा रहा है।

संवाददाता : दिलीप चौकीकर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.